अमरोहा। शहर में मंगलवार रात एक शादी समारोह में उस वक्त हंगामा मच गया, जब दिल्ली से पहुंचा दुल्हन का प्रेमी कोर्ट मैरिज का सर्टिफिकेट दिखाकर उसे मंडप से अपने साथ ले गया। बुलंदशहर की रहने वाली दुल्हन की परिजनों ने अमरोहा में जबरन दूसरी शादी कराने की तैयारी की थी, लेकिन प्रेमी की एंट्री ने सारी रस्में अधूरी छोड़ दीं। बारात को बिना दुल्हन के बैरंग लौटना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, बुलंदशहर निवासी युवती का दिल्ली में नौकरी करने वाले अपने शहर के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग था। दोनों ने एक साल पहले परिजनों से छिपकर कोर्ट मैरिज कर ली थी। जब परिजनों को इसकी भनक लगी, तो बदनामी के डर से उन्होंने युवती का रिश्ता अमरोहा के एक युवक से तय कर दिया। प्रेमी के हंगामे की आशंका से परिजनों ने शादी के लिए बुलंदशहर के बजाय अमरोहा के बिजनौर रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल को चुना।
रविवार रात शादी समारोह चल रहा था। बारात पहुंच चुकी थी, खाना निपटने के बाद जयमाला की तैयारियां हो रही थीं। दूल्हा स्टेज पर दुल्हन का इंतजार कर रहा था, तभी युवती का प्रेमी पुलिस के साथ वहां पहुंच गया। उसने कोर्ट मैरिज का सर्टिफिकेट दिखाते हुए दुल्हन को अपनी पत्नी बताया। दुल्हन ने भी पुलिस को बताया कि परिजन उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन शादी करा रहे हैं और वह अपने प्रेमी के साथ जाना चाहती है।
पुलिस ने कोर्ट मैरिज के दस्तावेज और दुल्हन की मर्जी को देखते हुए कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद प्रेमी, दुल्हन को साथ लेकर चला गया। इस फिल्मी ट्विस्ट ने शादी समारोह को हंगामे में बदल दिया। दूल्हे और उसके परिजनों के चेहरे लटक गए, और बारात को बिना दुल्हन के लौटना पड़ा। यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।