दिनदहाड़े कपड़े की दुकान में तमंचा लेकर घुसा हिस्ट्रीशीटर, दुकानदार को मारी गोली

Youth India Times
By -
0


आगरा। यूपी में अपराधियों के अंदर पुलिस का कितना खौफ है इसका जीता-जागता मामला आगरा से सामने आया है। इस घटना से साफ पता चल रहा है कि अभी भी यूपी में अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। दरअसल आगरा में एक दुकान के अंदर दिन दहाड़े हिस्ट्रीशीटर पहुंच गया और दुकानदार को गोली मार दी। गोली दुकानदार के पैर में लगी। घटना के बाद हिस्ट्रीशीटर हवा में तमंचा लहराते हुए भाग निकला। पूरी घटना का वीडियो दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के पीछे की वजह एक माह पहले हुआ विवाद बताया जा रहा है। हिस्ट्रीशीटर ने व्यापारी को धमकी दी थी। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है। पुलिस आरोपित की तलाश में दबिश दे रही है। घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे की है। नगला मेवाती (ताजगंज) निवासी आमीन की रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। सुबह वह दुकान पर बैठा था। परिवार का एक बच्चा भी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान ताजगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर शाहरूख अपने एक साथी के साथ दुकान पर पहुंचा। आते ही आमीन से विवाद करने लगा। आमीन ने उसे तमंचा निकालते देख लिया। बचाव में उसने बराबर में रखी डमी अपने आगे कर दी। शाहरूख ने गोली चलाई। गोली आमीन के पैर में लगी। आरोपित ने दोबारा तमंचा लोड करके फायर करने का प्रयास किया। व्यापारी ने साहस दिखाया। वह हमलावर से भिड़ गया। गोली की आवाज से लोग बाहर निकल आए। भीड़ जमा हो गई। सूचना पर एसीपी सदर पियूष कांत राय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित व्यापारी को इलाज के लिए भेजा। उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज देखे। सीसीटीवी में आरोपित और उसका साथी कैद हैं। दोनों स्कूटर से आए थे। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)