लोकसभा चुनाव से पहले सपा को लगेगा तगड़ा झटका

Youth India Times
By -
0
भाजपा का दामन थामेंगे पूर्व राज्य मंत्री

सहारनपुर। लोकसभा चुनाव के नजदीक आते ही राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं। इसी के साथ नेताओं के दल बदलने का भी सिलसिला शुरू हो रहा है। चर्चा है कि चुनाव से पहले सपा को तगड़ा झटका लगने जा रहा है। सपा के कद्दावर नेता संजय गर्ग जल्द ही भाजपा में जाने वाले हैं। माना जा रहा है कि कुछ ही दिनों में उन्हें लखनऊ में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई जा सकती है। संजय गर्ग के भाजपा ज्वाइन करने के बाद समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लग सकता है। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के काफी करीबी रहे संजय गर्ग को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी दी जा चुकी है। उनको मंत्री पद की सौगात देने के साथ ही प्रवक्ता से लेकर सपा व्यापार सभा का अध्यक्ष समेत अन्य कई बड़ी जिम्मेदारियां दी जा चुकी हैं।

पिछले विधानसभा चुनाव में उनको हार का मुंह देखना पड़ा था। हाल ही में शहर में वैश्य महासम्मेलन का आयोजन किया गया था, जिसमें संजय गर्ग को भी आमंत्रित किया गया था। सूत्रों की मानें तो इस कार्यक्रम में ही उनके भाजपा में जाने का रोडमैप तैयार किया गया। उनको आगामी कुछ ही दिनों में प्रदेश मुख्यालय बुलाकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई जा सकती है। इसकी पुष्टि स्वयं संजय गर्ग ने की।

संजय गर्ग तीन बार शहर सीट से विधायक चुने गए। सन 1996 में वह सपा से जीते और 2002 में काजी रशीद मसूद की बनाई एकता पार्टी से चुनाव लड़े और विजयी हुए। बाद में काजी रशीद मसूद के साथ सपा में शामिल हो गए। इस दफा उन्हें लोक निर्माण राज्य मंत्री का दर्जा मिला था। 2008 में संजय बसपा की शरण चले गए और इस सरकार ने भी उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा दिया। वर्ष 2012 के चुनाव में संजय शहर सीट पर पराजित हुए थे। हार के जो भी कारण रहे हों, लेकिन संजय का सपा के सत्ता में आते ही बसपा से मोहभंग हो गया था। बाद में शहर सीट पर हुए उपचुनाव में वह सपा से विधायक चुने गए थे, लेकिन वर्ष 2022 में हुए चुनाव में हार का फिर से मुंह देखना पड़ा था।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)