विवाहिता को जिंदा जलाया: सेल टैक्स में क्लर्क पति गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0
आरोप: ससुरालियों ने गैस सिलेण्डर से घटना को दिया अंजाम
बरेली। बरेली के दुर्गानगर में एक विवाहिता की जलकर मौत हो गई। मायके वालों का आरोप है कि ससुरालवालों ने दहेज की खातिर विवाहिता की हत्या की है। इसके बाद उसका शव अस्पताल में छोड़कर भाग गए। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवाहिता के पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सेल्स टैक्स विभाग में क्लर्क है।
थाना इज्जतनगर के रजत बिहार निवासी विवाहिता के पिता दिनेश कुमार मानसिक अस्पताल के कर्मचारी हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में बेटी 24 वर्षीय आकांक्षा की शादी थाना बारादरी क्षेत्र के दुर्गा नगर निवासी जगदीश के बेटे अशोक के साथ की थी। शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद बावजूद अशोक और उसके परिजन दहेज को लेकर बेटी को परेशान करते थे।
आरोप है कि अशोक आए दिन आकांक्षा की पिटाई करता था। इसको लेकर दिनेश कुमार अपनी बेटी को समझा बुझाकर मामले को शांत कर दिया करते थे। दिनेश का आरोप है कि बेटी आकांक्षा को सास शांति, देवर प्रदीप, ननद गीता ने रविवार को गैस से जलाकर मार दिया। इसकी सूचना जब परिवार के लोगों को लगी तो वह मौके पर पहुंचे। पता लगा कि निजी अस्पताल में भर्ती कराकर ससुराल वाले फरार हो गए। सोमवार सुबह इलाज के दौरान आकांक्षा ने दम तोड़ दिया। इसकी जानकारी दिनेश कुमार ने अपनी बारादरी थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पति अशोक बरेली में ही सेल टैक्स में बाबू है। दिनेश के मुताबिक अशोक का एक भाई लखनऊ में कांस्टेबल है। आरोप है कि उसी के दम पर अशोक उन लोगों को धमकाता था कि तुम मेरा कुछ नहीं कर पाओगे। बारादरी थाना पुलिस ने अशोक को गिरफ्तार कर लिया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)