पंचायत सचिव ने महिला पर पेट्रोल डालकर लगाई आग

Youth India Times
By -
0
फिर जहर खाकर की आत्महत्या
बदायूं। यूपी के बदायूं में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां महिला और उसके घर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने के बाद पंचायत सचिव ने विषाक्त पदार्थ खाकर लिया। परिवार के लोग उसे बरेली ले गए। जहां उसकी मौत हो गई। देर रात ही पुलिस ने झुलसी महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने सचिव के खिलाफ मुकदमा कायम कर लिया था। इधर, बुधवार दोपहर को पुलिस ने सचिव के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस दोनों ही घटनाओं के बीच की कड़ी की तफ्तीश में जुट गई है। मामला सदर कोतवाली से जुड़ा है। मोहल्ला शहबाजपुर निवासी धीरेंद्र कुमार साहू ने मंगलवार शाम करीब सात बजे कोतवाली पहुंच कर पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि मोहल्ले की दूसरी गली में किराये के मकान में रहने वाला राजीव सागर शाम करीब पांच बजे अचानक उनके घर में घुस आया। वह किसी पुरानी बात पर उससे रंजिश मानता था। इसके चलते उनसे गालीगलौज और बदसलूकी करने लगा। विरोध करने पर वह एक पेट्रोल से भरी केन ले आया। इसके बाद उसने उनके घर के अंदर पेट्रोल छिड़कना शुरू कर दिया। इस दौरान जब उनकी पत्नी शालू उर्फ लक्ष्मी साहू ने विरोध किया तो राजीव ने उनके ऊपर भी पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी। घर में छिड़के पेट्रोल की वजह से धीरेंद्र पत्नी के कपड़ों में आग लग गई। जिससे घर में आग लग गई। चीख पुकार करने पर आस पड़ोस के लोग पहुंच गए। इसी दौरान उनकी बेटी दीया साहू वहां आ गई। मां के कपड़ों में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी झुलस गई। आग से उनके घर का घरेलू सामान जल गया। घटना के बाद राजीव मौके से भाग निकला। पड़ोस के लोगों ने फायर बिग्रेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने घर में लगी आग पर काबू पाया। इधर, आग से झुलसी महिला और उनकी बेटी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने धीरेंद्र कुमार साहू की तहरीर पर देर रात ही राजीव सागर के खिलाफ हत्या की कोशिश, आगजनी, गाली गलौज, धमकी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, देर रात ही जांच की गई तो पता चला कि राजीव सागर बिसौली तहसील के ब्लॉक आसफपुर में पंचायत सचिव पद पर तैनात था। पुलिस ने देर रात ही राजीव सागर की तलाश में उसके कमरे में दबिश दी, लेकिन बताया कि तबीयत खराब होने पर उन्हें बरेली ले जाया गया। जिसके बाद बुधवार को पुलिस उसकी तलाश में घर पहुंची तो पता चला कि उसने रात में ही जहरीला पदार्थ खा लिया था। इसके चलते उसे बरेली ले गए थे। जहां उसकी मौत हो गई। दोपहर बाद पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसमें मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। जिसके चलते शव का बिसरा प्रिजर्व किया गया है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक राजीव सागर के बड़े भाई संजीव ने बताया कि वह परिवार से अलग काफी समय से रह रहा था। उसकी शादी बिल्सी के गांव सतेती की पुष्पा देवी से 2021 में हुई थी। लेकिन दोनों के बीच मतभेद हो गया। जिसके बाद विवाद मुकदमे तक पहुंच गया। इससे राजीव सागर ने कुछ साल पहले ही अपने खुद का मकान बेच दिया था। जिससे वह किराये के कमरे में रहता था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)