भाजपा नेता के बेटे के साथ सिपाहियों ने की अभद्रता

Youth India Times
By -
0
आक्रोशित भाजपाईयों ने थाने पर किया हंगामा
अलीगढ़। अलीगढ़ के सासनी गेट इलाके में 4 दिसंबर रात भाजपा महानगर उपाध्यक्ष संजय गोयल के बेटे संग सिपाहियों पर अभद्रता का आरोप लगा है। शिकायत पर 5 दिसंबर सुबह भाजपाई थाने पहुंच गए और सिपाहियों पर कार्रवाई की मांग रखते हुए हंगामा किया। सीओ प्रथम ने उनकी बात सुनते हुए जैसे तैसे समझाकर शांत किया और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। सासनी गेट पंच नगरी के पास रात में संजय गोयल का बेटा शिवांग गोयल किसी शादी में गया था। वहां से एक मित्र के घर से लौट रहा था। आरोप है कि तभी वहां मौजूद दो सिपाहियों ने गाड़ी रोककर उसके साथ अभद्रता की। चेकिंग के नाम पर हाथ पांव तोड़ने की धमकी दी। आरोप है शिवांग अनुरोध करते हुए यह कहता रहा कि उसकी गलती क्या है। बाद में यह खबर संजय गोयल को हुई तो उन्होंने अधिकारियों को बताया। तब जाकर शिवांग वहां से घर पहुंच सका। इस जानकारी पर सुबह पूर्व महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, पूर्व मेयर शकुंतला भारती, सुबोध स्वीटी, संजय गोयल, जितेंद्र, अनीता जैन, युवा मोर्चा अध्यक्ष अमन गुप्ता, सौरभ माहेश्वरी, सूरज माहौर, विनोद, योगेश सिंघल, राकेश ठाकुर, संजय शर्मा, विजेंद्र सैनी, दिनेश अग्रवाल आदि थाने पहुंच गए। उन्होंने सिपाहियों पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग रखी। शुरुआत में पुलिस उन्हें टालती रही। जिस पर वे बिफर गए और हंगामा किया। बाद में सीओ प्रथम अभय पांडेय ने उन्हें वहां पहुंचकर समझाते हुए शांत किया। इस दौरान थाना स्तर पर चल रहे अवैध कारोबारों की ओर से ध्यान दिलाते हुए कहा कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को बाध्य होंगे। तब जाकर सीओ स्तर से उन्हें भरोसा दिलाया गया। सीओ प्रथम अभय पांडेय के अनुसार पुलिस एक मकान में दबिश के लिए गई थी। उसी मकान से अपने दोस्त के घर गया शिवांग निकल रहा था। जिससे सिपाहियों ने पूछताछ की थी। इसी मामले में भाजपाई नाराज होकर आए थे। उन्हें समझाकर शांत किया और कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है। थाने में जिस समय भाजपाई हंगामा कर रहे थे, उसी समय एक सफेद रंग की निजी कार खड़ी दिखी। जिस पर एक तरफ पुलिस लिखा था और आगे सपा का झंडा लगा था। जिसे देख भाजपाई बिफर गए। उन्होंने इस तरह पुलिस लिखी गाड़ी पर सपा का झंडा देख नाराजगी जताई और सीओ को बताया। जिस पर चालान कराया गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)