15 साल की लड़की ने कर ली सहेली से शादी

Youth India Times
By -
0
चार महीने से थी लापता; पुलिस से बोली- हम दोनों प्यार करते हैं

शाहजहांपुर। शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र में चार माह से लापता किशोरी को शुक्रवार को पुलिस ने उसकी सहेली के साथ बरामद कर लिया। पूछताछ में किशोरी ने ऐसी बात बताई, जिसे सुनकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। किशोरी ने कहा कि उसने अपनी सहेली से शादी कर ली है। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। खुटार के एक गांव की 15 वर्षीय किशोरी नौ अगस्त को घर से लापता हो गई थी। पिता ने लड़की के गायब होने पर रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस किशोरी की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि लापता किशोरी पुवायां के एक गांव की किशोरी के साथ खुटार-पुवायां मार्ग पर गोमती पुल के पास वाहन के इंतजार में खड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों किशोरियों को थाने ले आई।
पूछताछ में दोनों किशोरियों ने पुलिस को बताया कि वे दोनों एक-दूसरे से प्यार करती हैं। उन्होंने आपस में शादी कर ली है और दोनों एक ही साथ रहेंगी। सूचना पाकर लड़कियों के परिजन भी थाने पहुंचे, लेकिन लड़कियां एक साथ रहने की बात करती रहीं। दोनों किशोरियों के गांव पास-पास हैं। इस कारण उनका आना-जाना लगा रहता है। दोनों ही किशोरियां अशिक्षित हैं। चार माह से लापता रहने के दौरान किशोरी अपनी सहेली के घर भी रही। दोनों बाहर घूमने भी गईं थीं। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि किशोरी के गायब होने पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। सूचना पर उसे बरामद किया गया है। उसके साथ एक दूसरी लड़की भी बरामद हुई है, जो पुवायां थाना क्षेत्र के गांव की है। दोनों आपस में विवाह करने की बात बता रही हैं। लड़कियों के पास किसी भी प्रकार के कागजात नहीं मिले हैं, जिससे पता चल सके कि दोनों लड़कियों की उम्र क्या है। खुटार क्षेत्र की रहने वाली लड़की को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)