आजमगढ़: शादी के चंद घंटे बाद फरार हुईं दुल्हनियां

Youth India Times
By -
0
परदेशी दोनों दुल्हों को लगा जबरदस्त झटका, पहुंचे पुलिस की शरण में

आजमगढ़। आजमगढ़ में शादी के कुछ घंटों बाद ही दूल्हे को लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लूट भी किसी औऱ ने नहीं बल्कि दुल्हन ने ही की है। दो दूल्हे एक साथ हरियाणा से शादी करने के लिए आजमगढ़ पहुंचे थे। मंदिर में दोनों ने शादी रचाई और विदाई से पहले दुल्हनों के कहने पर उनके घर जा रहे थे। इसी दौरान उनके साथ वारदात हो गई। पहले तो दो थानों की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। फिर मामले की तहरीर लेकर जांच शुरू करने की बात कह रही है। हरियाणा के भिवाड़ी के रहने वाले रामअवतार और जतिन की एक बिचौलिया के माध्यम से आजमगढ़ में शादी तय हुई थी। शादी के एवज में युवतियों के परिवार वालों को कुछ रकम भी देनी थी। दोनों युवक अपने कुछ परिचितों को लेकर तय रकम के साथ शुक्रवार को शादी के लिए आजमगढ़ के पड़ोसी जिले जौनपुर पहुंच गए। वहां से बिचौलिया के साथ शादी के लिए आजमगढ़ के निजामाबाद स्थित शीतला देवी धाम मंदिर पहुंचे। लड़की पक्ष के लोग भी पहले से ही मंदिर पहुंचे चुके थे। मंदिर में धूमधाम दोनों दूल्हों की दोनों युवतियों के साथ पूरे रीति रिवाज के साथ शादी हुई। विदाई की तैयारी हुई तो दुल्हनों ने पहले घर से होकर आने की बात कही। एक ऑटो से दोनों दूल्हों के साथ दुल्हनें घर के लिए रवाना हो गईं। रास्ते में तहबरपुर-अहरौला थाने की सीमा पर खादारामपुर गांव के पास बाइक से पहुंचे कुछ लोग ने लाठी डंडों से धमकाकर ऑटो रोक लिया। इसके बाद दोनों दूल्हों के पास मौजूद करीब 60 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल लूट लिये। अपने साथ अचानक हुई घटना से दोनों भौंचक रह गए। दोनों के आश्चर्य का ठिकाना तब नहीं रहा जब बाइक सवारों के साथ दोनों दुल्हनें भी फरार हो गईं। अपने साथ हुई इस तरह की ठगी से दोनों दूल्हे हैरान रह गए। आसपास के लोगों से मोबाइल फोन लेकर पुलिस को सूचना दी। पहले तो अहरौला और तहबरपुर की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। जब सीमा विवाद निबटा तो अहरौला पुलिस ने तहरीर ली। अहरौला थानाध्यक्ष सुनील कुमार दूबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)