आजमगढ़: कांग्रेस नेता के भतीजे की मुंबई में चाकू घोंपकर हत्या

Youth India Times
By -
0

बीच बचाव के कारण गई जान, मचा कोहराम
आजमगढ़। आजमगढ़ के रहने वाले युवक की मुम्बई के भिवंडी में चाकू घोंप कर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक कांग्रेस पार्टी के नेता का भतीजा था। रोजीरोटी के लिए वह मुम्बई में रह कर फार्मासिस्ट का काम करता था।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के भाटिनपारा गांव निवासी फरहान (24) पुत्र अबूजर फॉर्मासिस्ट था। विगत कई साल से वह मुम्बई में रहकर किसी कंपनी में काम करता था। कुछ दिनों पूर्व वह घर पर आयोजित वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए गांव आया था और एक सप्ताह पूर्व ही वह मुम्बई गया था। मुम्बई में वह वफा कांप्लेक्स गैबी नगर भिवंडी में सपरिवार रहता था। परिजनों के अनुसार मंगलवार की रात लगभग 10 बजे वह आफिस से अपने कांप्लेक्स पर पहुंचा। वहां दो लोगों के बीच विवाद हो रहा था। यह देख कर वह बीच बचाव करने पहुंच गया। इसी दौरान किसी ने उसे चाकू मार दिया। लहुलुहान हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक कांग्रेस नेता शाहिद शादाब का भतीजा था। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक शव हवाई जहाज से पैतृक गांव लाया जा रहा है। बुधवार की देर रात शव पहुंचने की संभावना जताई जारही है। गांव पर मौजूद परिजनों के अनुसार बृहस्पतिवार की सुबह शव को गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)