आजमगढ़ : थाना परिसर में पूर्व महिला प्रधान से गाली गलौज

Youth India Times
By -
0

पासपोर्ट संबंधित कार्य से थाने गई थी पूर्व महिला प्रधान
पत्रकार के खिलाफ किसी मामले में हस्ताक्षर न करने पर बढ़ा मामला
आजमगढ़। बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के अहरौला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें मामला किसी थाने का दिख रहा है। जिसमें एक महिला कई पुलिसकर्मियों से घिरी है और उसके आसपास कई पुरुष भी जोर शोर से गाली गलौज कर रहे हैं। महिला विरोध कर रही है।
वायरल हो रहे वीडियो की सच्चाई पता करने पर पता चला कि यह वीडियो अहरौला थाना परिसर का है। जहां रविवार सुबह करीब 12 बजे भारी संख्या में क्षेत्र के प्रधान किसी मामले को लेकर पहुंचे थे। वहां पहले से ही फरियादियों की कतार में एक महिला पुलिस इंस्पेक्टर और महिला कांस्टेबल के सामने बैठी हुई है। अचानक किसी ने महिला को वहां से उठने के लिए कहा, जिस पर फरियादी की कुर्सी पर बैठी हुई महिला भड़क गई। इसके बाद भारी संख्या में जुटे प्रधान महिला से भिड़ जाते हैं। दोनों ओर से गाली गलौज किया जा रहा है और पुलिस मूकदर्शक बनकर खड़ी है। महिला का पता किया गया तो पता चला कि वह क्षेत्र के ही सुखीपुर ग्राम सभा की पूर्व प्रधान विभा श्रीवास्तव है और किसी मामले की पैरवी करने पहुंची हुई थी। बताया कि पुलिस व प्रधानों ने उनके साथ अभद्रता की है। उन्होंने आईजी और एसपी को मामले से अवगत कराया। इसके बाद उच्च अधिकारियों ने थानाध्यक्ष से मामले में तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। थाना परिसर से पुलिस ने प्रधानों को बाहर निकाला। उसके बाद मामला शांत हुआ। इस बाबत पूर्व महिला प्रधान विभा श्रीवास्तव से बात करने पर उन्होंने बताया कि वह अपने पासपोर्ट संबंधी कार्य के लिए थाने गई थी। वहां पर पहले से मौजूद प्रधान द्वारा उन्हें एक पत्रकार के खिलाफ एप्लीकेशन पर दस्तखत करने के लिए कहा गया है जिस पर उन्होंने मना कर दिया, इसके बाद विवाद बढ़ गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)