आजमगढ़ में 19 घंटे में 19 मौतें

Youth India Times
By -
0

मौत का कारण संभवतः हीटस्ट्रोक, अधिकांश लोग तेज बुखार से थे पीड़ित
आजमगढ़। हीट स्ट्रोक का कहर पूर्वी यूपी में लगातार जारी है। बलिया के बाद अब पड़ोसी जिले आजमगढ़ के मंडलीय अस्पताल में हर घंटे मौत हो रही हैं। मंगलवार शाम से बुधवार दोपहर तक 19 घंटे के भीतर 19 मरीजों की मौत हो गई है। इनमें 11 लोगों को इलाज के लिए वार्डों में भर्ती कराया गया था। मौतों का कारण हीटस्ट्रोक बताया जा रहा था। अधिकांश लोग तेज बुखार से पीड़ित थे। आठ लोगों ने अस्पताल की इमरजेंसी तक पहुंचकर दम तोड़ दिया। अस्पताल में हीटस्ट्रोक की चपेट में आने वाले दस मरीजों का उपचार किया जा रहा है। उधर, रानी की सराय में एमबीए के छात्र ने हीटस्ट्रोक की चपेट में आकर दम तोड़ दिया। अस्पताल में मंगलवार की शाम सात बजे से मौतों का सिलसिला शुरू हुआ। इसके बाद करीब हर घंटे एक-एक मौत होती चली गई। सबसे अधिक चार मौतें पुरुष मेडिकल वार्ड में हुईं। इस वार्ड में हीटस्ट्रोक से पीड़ित सुरेश राय निवासी मतौलीपुर थाना सिधारी, शंकर प्रजापति निवासी हाफिजपुर थाना कोतवाली, इतरज हुसैन निवासी मुबाकरकपुर व एक अज्ञात को भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान सबने दम तोड़ दिया। वहीं महिला मेडिकल वार्ड में भर्ती तीन महिलाओं की भी जान चली गई। मृतकों में बच्ची देवी निवासी कोठिया थाना घोसी जनपद मऊ, भागीरथी देवी निवासी बहेरा थाना अहरौला, पकल्ली देवी निवासी पांती खुर्द थाना बिलरियागंज शामिल हैं। आईसीयू वार्ड में भर्ती स्वाती निवासी रेयांव थाना दोहरीघाट, जनपद मऊ, अब्दुल अजीज निवासी मनचोभा थाना नगर कोतवाली व हीरा यादव निवासी सेखपुरा थाना नगर कोतवाली की मौत हो गई। इसी तरह ट्रामा सेंटर में भर्ती बाबूलाल निवासी जयराजपुर थाना बिलरियागंज ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सभी मौतें सोमवार की शाम छह बजे से मंगलवार की सुबह आठ बजे के बीच हुईं। इसके अलावा मंगलवार सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक हीटस्ट्रोक से पीड़ित करीब आठ लोग अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे, जिन्हें जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इनका अस्पताल में कोई रिकार्ड नहीं है। अस्पताल से हीटस्ट्रोक से पीड़ित आठ लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें महिला मेडिकल वार्ड में भर्ती सोनमती निवासी पिपरहा थाना बिलरियागंज व शनिचरा देवी निवासी सम्मोपुर थाना रानी की सराय की हालत गंभीर बनी हुई है। इमरजेंसी में डॉक्टर अनिल कुमार मौर्य ने बताया कि रात में हीटस्ट्रोक से पीड़ित 11 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही इमरजेंसी में करीब आठ लोग ऐसे आए, जिनकी मौत हो चुकी थी। परिजन उनका शव लेकर चले गए। एसआईसी डॉक्टर रीता दुबे के अनुसार हीटस्ट्रोक से पीड़ित लोगों की मौतें हुई हैं। कुछ लोगों को परिजन निजी अस्पतालों से हालत गंभीर होने पर लेकर आए थे। मरीजों का बेहतर इलाज किया जा रहा है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)