आकांक्षा दुबे के कपड़ों की जांच रिपोर्ट आई सामने

Youth India Times
By -
0

कई चौंकाने वाले खुलासे, समर सिंह सहित चार लोगों का होगा DNA टेस्ट
वाराणसी। भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। आकांक्षा के कपड़ों की प्रयोगशाला में जांच के बाद कुछ ऐसे साक्ष्य सामने आए हैं, जिससे जांच का दायरा बढ़ा है। सारनाथ थाने की पुलिस अब जेल में बंद भोजपुरी गायक समर सिंह व उसके दोस्त संजय सिंह सहित चार लोगों की डीएनए जांच कराएगी। इसकी अनुमति भी अदालत से मांगी गई है।
भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र के वरदहां गांव की रहने वाली आकांक्षा दुबे सारनाथ क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में बीते 26 मार्च की सुबह मृत मिली थीं। तीन डॉक्टरों के पैनल ने आकांक्षा के शव का पोस्टमार्टम किया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार फंदा लगाकर लटकने के कारण आकांक्षा की मौत हुई थी। आकांक्षा का बिसरा, कपड़े, वेजाइनल एंड एनल स्वैब पैथॉलाजिकल और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था। अब कपड़ों की जांच रिपोर्ट आ गई है।
डीसीपी वरुणा जोन अमित कुमार के मुताबिक, मृतका के कपड़े की जांच रिपोर्ट के आधार पर चार लोगों की डीएनए प्रोफाइलिंग कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए अदालत से अनुमति मांगी गई है। अदालत की अनुमति के बाद गायक समर सिंह व संजय सिंह, अरुण पांडेय व संदीप सिंह के सैंपल लिए जाएंगे। समर और संजय पर आकांक्षा को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला सारनाथ थाने में दर्ज है। दोनों इसी आरोप में गिरफ्तार करके जेल भेजे गए हैं। संदीप वह व्यक्ति है, जो घटना वाली रात आकांक्षा को छोड़ने सारनाथ स्थित होटल गया था। इसकी तस्दीक भी हो चुकी है। संदीप होटल के सीसी कैमरे में कैद है। अरुण पांडेय को भी जांच के दायरे में लिया गया है। जब घटना हुई थी, उससे पहले आकांक्षा अरुण की निजी पार्टी से होकर लौटी थी। इसलिए सभी चारों लोगों की डीएनए प्रोफाइलिंग का निर्णय लिया गया है। इसकी रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)