भाजपा की पूर्व विधायक से ठगी

Youth India Times
By -
0

ठग ने कहा मैं सीएम ऑफिस से बोल रहा हूं...
आगरा। आगरा की खंदौली पुलिस ने भाजपा की पूर्व विधायक हेमलता दिवाकर कुशवाहा से धोखाधड़ी करने के आरोपी यशवीर सिंह को जेल भेज दिया। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि वह इंटर पास है। दो बार अन्य दो लोगों को भी ठगी का शिकार बना चुका है। मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनाती बताकर इस बार उसने महिला आयोग का अध्यक्ष बनवाने के नाम पर पूर्व विधायक से 2000 रुपये लिए थे। मगर, उसे पकड़ लिया गया। सिकंदरा निवासी गीतम सिंह उर्फ सोनू दिवाकर ने थाना खंदौली में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने पुलिस को बताया कि आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक हेमलता दिवाकर कुशवाहा के भाई हैं। 26 फरवरी को बहन के मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम डॉ. अजय चौहान बताया। उसने कहा कि वह मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात है। महिला आयोग की अध्यक्ष की नियुक्ति की जानी है। वह उनको अध्यक्ष बनवा देगा। दो हजार रुपये की मांग की।
पुलिस ने बताया कि पूर्व विधायक को शक हो गया। उन्होंने उसे पकड़वाने के उद्देश्य से गूगल-पे से दो हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में युवक और रकम जमा करने के लिए कहने लगा। रकम नहीं देने पर अभद्रता की। पुलिस आयुक्त ने सर्विलांस सेल से जांच कराई। आरोपी खंदौली के गांव बांस शोभाराम का रहने वाला यशवीर सिंह निकला। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि यशवीर सिंह कोई काम नहीं करता है। वह इसी तरह लोगों को झांसे में लेता था। उसके खिलाफ पूर्व में दो मुकदमे दर्ज हैं। इनमें एक मैनपुरी तो दूसरा बरेली में दर्ज हैं। उसने छह महीने में तीन लोगों को इसी तरह कॉल किया। धोखाधड़ी का शिकार बनाया। उसे जेल भेजा गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)