प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत

Youth India Times
By -
0

शादी से परिजनों का इनकार, मिलने पर लगी पाबंदी
एक ही रस्सी के फंदे पर लटके मिले प्रेमी युगल
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर के पुवायां क्षेत्र में परिवारवालों ने मिलने पर पाबंदी लगई तो प्रेमी युगल ने एक साथ जान दे दी। दोनों के शव शनिवार की सुबह झोपड़ी में फंदे से लटके मिले। हालांकि परिजनों ने दोनों के बीच प्रेम संबंध से अनभिज्ञता जताई है। उन्होंने किसी पर आरोप भी नहीं लगाए हैं। रोहित और उसकी प्रेमिका एक ही जाति के थे। पहले किशोरी के परिजन शादी को तैयार हुए तो रोहित के परिजन ने इनकार कर दिया था। बाद में रोहित के मनाने पर उसके परिजन शादी को राजी हुए तो पहले के इनकार से क्षुब्ध किशोरी के परिजन ने शादी से साफ मना कर दिया। प्रेमी युगल की मौत से उनकी प्रेम कहानी का दुरूखद अंत हो गया है। गोमती नदी के पुराने पुल के दोनों ओर तमाम मजदूरीपेशा परिवारों के लोग झोपड़ी डालकर रहते हैं। ये श्रमिक पुवायां क्षेत्र में फार्मों पर मजदूरी करने आए और गोमती का पुराना पुल बंद हुआ तो यहीं पर रहने लगे। रोहित और किशोरी के परिजन भी मेहनत-मजदूरी कर परिवार की गुजर करते हैं। किशोरी से बड़े दो भाई और दो छोटे भाई, दो छोटी बहने हैं।
रोहित तीन भाइयों में सबसे छोटा था। रोहित का किशोरी से दो वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। एक वर्ष पूर्व रोहित ने अपना और किशोरी का फोटो सोशल मीडिया पर डाला तो दोनों के परिजनों को उनके प्रेम प्रसंग का पता चल गया। किशोरी के परिजन रोहित से शादी को तैयार थे, लेकिन रोहित के परिवार वालों ने शादी से मना कर दिया। इससे किशोरी का परिवार नाराज हो गया। बाद में रोहित ने परिवार वालों को शादी के लिए मनाया और शादी की बात चली तो इस बार किशोरी के पिता ने शादी से साफ मना कर दिया।
किशोरी पर नजर भी रखी जाने लगी। इससे दोनों का मिलना-जुलना भी कम हो गया था। शुक्रवार रात किशोरी मौका पाकर रोहित के पास झोपड़ी में पहुंच गई। इस झोपड़ी में रोहित रोजाना रात में अकेला ही लेटता था। शादी को मना होने से परेशान चल रहे रोहित और किशोरी ने चारपाई की रस्सी काट कर झोपड़ी में एक ही रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी। शनिवार सुबह रोहित और किशोरी के शव फंदे पर लटके मिलने के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन किशोरी के परिजन मौके पर नहीं गए। पुलिस के कई बार बुलाने पर भी परिजन मौके पर जाने से मना करते रहे। उनका कहना था कि लड़की मर गई है, उनका कोई मतलब नहीं है। शव जहां ले जाना हो, ले जाओ। इसके बाद पुलिस ने पिता को कार्रवाई के लिए सख्ती से मौके पर आने को कहा, तब किशोरी के परिजन मौके पर पहुंचे और कुछ ही देर बाद वापस चले गए। पुलिस को निरीक्षण में चारपाई के पास कई ईंटे पड़ी मिलीं हैं। पुलिस के अनुसार प्रेमी युगल झोपड़ी के बीच में रखी रस्सी की ऊंचाई तक नहीं पहुंचे सके तो उन्होंने चारपाई की एक पट्टी पर कई ईंटें रखीं होंगी। इसके बाद ईंटों पर खड़े होकर फंदा लगाया और चारपाई से नीचे की ओर कूद गए। इससे उनकी जान चली गई। सीओ पुवायां पंकज पंत ने बताया कि जानकारी मिलने पर दोनों शव पोस्टमार्टम को भिजवाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने और आगे की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। दोनों के परिजन कोई आरोप नहीं लगा रहे हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)