आपस में भिड़े सपा और भाजपा कार्यकर्ता

Youth India Times
By -
0

स्नातक शिक्षक एमएलसी चुनाव में बूथ कैप्चरिंग का लगाया आरोप
मुरादाबाद। विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक क्षेत्र की पांच सीटों पर चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। मतगणना दो फरवरी को होगी। सभी जगह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हो रहा है। विधानसभा परिषद की बरेली-मुराबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए मतदान सोमवार को सुबह आठ बजे से जारी है। बारिश की वजह से मतदान की रफ्तार धीमी है। इस चुनाव में बरेली और मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों के मतदाता भाग लेंगे। रामपुर जिले में दोपहर 12 बजे तक 10.42 फीसदी मतदान हुआ है। जिले में 12,248 मतदाता हैं। 12 मतदान केंद्रों के 21 बूथों पर वोट डाले जा रहे हैं। चुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं।
सुबह दस बजे तक 16 मतदान केंद्रों पर कुल 1066 मत डाले गए। वहीं मुरादाबाद ब्लॉक पर बने बूथ पर ब्लॉक प्रमुख मनीष सिंह और सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष शाने अली शानू अपने अपने समर्थकों के साथ पहुंच गए। दोनों के बीच धक्का मुक्की हुई। जिससे हंगामा हो गया। सपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथ पर कब्जा किया है। जबकि भाजपा कार्यकर्ता सपा पर कब्जा करने का आरोप लगा रहे थे। इसी बात को लेकर जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलने पर एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, सीओ सिविल लाइंस अनूप सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दोनों पक्षों को वहां से हटा दिया। इसके बाद मतदान प्रकिया आगे बढ़ सकी। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि मतदान शांति पूर्ण चल रहा है। दो पक्षों में कहासुनी हो गई थी। उन्हें समझाकर मामला शांत करा दिया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)