आजमगढ़: पोखरा खुदाई के दौरान प्रधानपति पर फायरिंग

Youth India Times
By -
0

मोटर सायकिल सवार दो अज्ञात बदमाश फायरिंग के बाद मौके से हुए फरार
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। मनरेगा योजना के तहत पोखरा खुदाई के दौरान शुक्रवार को दिन में कार्यस्थल पर मौजूद प्रधानपति पर बाइक सवार हमलावरों द्वारा हत्या के इरादे से फायरिंग की गई। जानलेवा हमले में संयोगवश वह बाल-बाल बच गए। इस संबंध में प्रधानपति द्वारा जहानागंज थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना जहानागंज थाना क्षेत्र के गंभीरवन ग्राम पंचायत में शुक्रवार को दिन में घटित हुई।
गंभीरवन ग्रामसभा की निर्वाचित प्रधान मीना सिंह के पति अभिषेक सिंह उर्फ सुगंध सिंह शुक्रवार की सुबह ग्रामसभा में मनरेगा योजना के तहत पोखरे की खुदाई करा रहे थे। दिन के करीब 11 बजे वहां बाइक से पहुंचे दो अज्ञात हमलावरों ने कार्यस्थल पर मौजूद प्रधानपति पर असलहे से फायर झोंक दिया। यह देख प्रधानपति शोर मचाते हुए गांव की ओर भागे। उधर पकड़े जाने के भय से हमलावर जिस रास्ते से आए थे, उसी रास्ते से फरार हो गए। घटना के संबंध में प्रधानपति द्वारा जहानागंज थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)