आजमगढ़: कानून के शिकंजे में फंसे दुष्कर्म के दो आरोपी

Youth India Times
By -
0

रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। जहानागंज एवं बिलरियागंज थाने की पुलिस ने अपहरण व दुष्कर्म के मामले में आरोपित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
जहानागंज थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने बीते 4 अप्रैल को स्थानीय थाने में भतीजी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की विवेचना कर रही पुलिस ने लड़की की बरामदगी के बाद उसके द्वारा दिए गए बयान के आधार पर उसे अपनी हवस का शिकार बनाने वाले अपहरणकर्ता के खिलाफ दर्ज धाराओं में दुष्कर्म एवं पाक्सो एक्ट के धारा की वृद्धि कर दी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। रविवार को जहानागंज थाना प्रभारी प्रमेंद्र कुमार सिंह को सूचना मिली कि अपहरण व दुष्कर्म का आरोपी क्षेत्र के धन हुआ मोड़ के पास मौजूद है। थानाध्यक्ष ने अपने सहयोगियों के साथ बताए गए स्थान पर दबिश देकर वहां मौजूद आरोपी को धर दबोचा। पकड़ा गया हरिकेश उर्फ कुलबुल पुत्र घुरहू कश्यप क्षेत्र के सेमरौल गांव का निवासी बताया गया है। इसी क्रम में बिलरियागंज क्षेत्र की रहने वाली दुष्कर्म पीड़िता ने क्षेत्र के जगमलपुर गांव में अस्थाई रूप से रह रहे मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद कोतवाली अंतर्गत खैराबाद के मूल निवासी गुरमीत पुत्र हेमंत के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराई है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी द्वारा उसके परिजनों को जान माल धमकी दी गई है तथा खुद को सुरक्षित करने के उद्देश्य से आरोपी द्वारा फर्जी तरीके से पीड़िता के परिवार वालों के खिलाफ शिकायती पत्र प्रस्तुत किया गया है। इस मामले में बिलरियागंज थानाप्रभारी विजय प्रकाश मौर्य व उनके सहयोगियों ने रविवार की सुबह क्षेत्र के जैगहां बाजार से आरोपी गुरमीत को गिरफ्तार कर लिया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)