फिर हवा में की फायरिंग, पुलिस को सभी दोस्तों की तलाश कानपुर। सोशल मीडिया पर आपको हर्षफायरिंग और कई जान जोखिम भरे वीडियो आपको देखने को मिल जाएंगे। हर्ष फायरिंग में कई बार लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं। लेकिन इसके बाद भी कुछ लोग इस तरह की हरकत करने से बाज नहीं आते। इसी तरह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर फिर से वायरल हुआ है। वीडियो यूपी के कानपुर जिले के चकेरी इलाके का बताया जा रहा है। हालांकि हिन्दुस्तान वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक कार की बोनट पर केक काटकर जन्मदिन मना रहे हैं। इसके बाद उनमें से एक युवक हर्ष फायरिंग करने लगता है। जानकारी के अनुसार शिवम नाम के एक छात्र का जन्मदिन था। उसके लगभग आधा दर्जन दोस्त एकत्रित हुए थे। फिर जश्न की शुरुआत हुई और गाड़ी के बोनट पर रखकर केक काटा गया। इस दौरान दोस्तों ने केक खिलाते समय एक दोस्त ने रिवाल्वर से एक के बाद एक लगातार तीन फायर किए। रिवाल्वर लहराकर दोस्तों ने खूब डांस भी किया। फायरिंग करने वाले छात्र कम उम्र के बताए जा रहे हैं। चकेरी पुलिस का कहना है कि अभी तक यह पता नहीं चला है कि वीडियो कब का है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।