भाजपा नेता पर जानलेवा हमला

Youth India Times
By -
0

लाठी-डंडों से लैस आधा दर्जन से अधिक लोगों ने कार तोड़ी, की फायरिंग
प्रयागराज। बुधवार की रात डेढ बजे आधा दर्जन दबंगों ने शादी समारोह से लौट रहे फाफामऊ पार्षद रिंकी यादव के पति राम कुमार यादव सहित परिवार के अन्य सदस्यों पर हमला कर दिया। दबंगों ने फोर व्हीलर को घेरकर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। हमले में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। आरोप है कि अपनी जान बचाकर भाग रहे भाजपा नेता पार्षद पति राम कुमार और भतीजे सचिन यादव पर फायरिंग की। दोनों को गोली छूती हुई निकल गई। फाफामऊ पुलिस जब पहुंची तो दबंग वहां से भाग चुके थे।
रिंकी यादव फाफामऊ की दो बार से लगातार पार्षद हैं। पति राम कुमार यादव भाजपा नेता और पूर्व महानगर उपाध्यक्ष रहे हैं। आरोपी का परिवार और पार्षद का परिवार बुधवार को एक शादी समारोह में गए थे। यहीं पर आरोपियों का किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि वहां से लौट रहे भाजपा पार्षद के पति और परिवार के अन्य सदस्यों पर फाफामऊ चौराहे के पास आरोपियों विनोद कुमार उर्फ अक्षय यादव पुत्र हजारी लाल, सोभनाथ यादव पुत्र संतलाल, लल्लू यादव पुत्र दयाराम यादव, अरविंद यादव पुत्र राम बहादुर यादव, गौरव यादव पुत्र लल्लू यादव, निखिल यादव पुत्र लल्लू यादव, नीरज यादव पुत्र नंद लाल यादव, पृथ्वी पाल यादव पुत्र संतलाल यादव, लालचंद्र यादव पुत्र मेवा लाल यादव, शनी यादव पुत्र भाई लाल यादव के साथ अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इससे गाड़ी के अंदर बैठे लोगों को भी चोट आई है। जान बचाकर किसी तरह से भाग रहे भतीजे सचिन यादव और पार्षद पति राम कुमार यादव पर फायरिंग की गई। गोली इन लोगों को छूते हुए निकल गई।
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता और मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी के बेहद करीबियों में पार्षद रिंकी यादव और उनके पति राम कुमार यादव हैं। यही कारण है कि हमला होने के तत्काल बाद भाजपा नेता राम कुमार यादव ने मंत्री नंदी और मेयर को फोन कर घटना की पूरी जानकारी दी। मेयर ने तत्काल फाफामऊ थाने में फोन किया। इसके बाद पुलिस भारी फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंची। फाफामऊ थानाध्यक्ष आशीष सिंह ने भास्कर से बातचीत में बताया कि घटना की जानकारी होते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई थी। जांच में एक बात तो स्पष्ट है कि फायरिंग नहीं हुई है। आरोपियों ने पार्षद पति और अन्य पर हमला किया है। इसका वीडियो सामने आया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फाफामऊ पार्षद के परिवार पर जानलेवा हमला को लेकर कमलेश तिवारी कार्यकारिणी सदस्य, पार्षद रंजन प्रजापति, मंजीत कुमार, आकाश सोनकर, भोला तिवारी महानगर उपाघ्यक्ष सहित अन्य पार्षदों रोष व्यक्त किया है। चेतावनी दी है कि आरोपियों की 24 घंटे के अंदर गिरफ्तारी नहीं होती है तो पार्षद नगर निगम एसएसपी का घेराव करेंगे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)