शरीर में प्लांट करवाई 315 बोर की गोली

Youth India Times
By -
0

विरोधियों पर मुकदमा दर्ज करवाने के लिए चली चाल
डॉक्टर सहित तीन गिरफ्तार
औरैया। उप्र के औरैया में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने डॉक्टर से पीठ में 315 बोर की गोली प्लांट करवा ली। ऐसा उसने जमीन विवाद में अपने विरोधियों पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराने के लिए किया। इसके बाद झूठी कहानी गढ़ कर थाने में उनके खिलाफ जानलेवा हमले की एफआईआर करवा दी। हालांकि, पुलिस ने बारीकी से छानबीन की तो यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ। युवक की साजिश का तरीका देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। फिलहाल, पुलिस ने फर्जीवाड़ा करने के आरोप में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है।
मंगलवार को एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि मिरिउन मढहा गांव के रहने वाले संजय ने 9 जून को पुलिस को फोन किया। उन्होंने बताया कि उनके बेटे अनुराग पर तीन लोगों ने जानलेवा हमला किया है। उसे गोली मारी है। वह इटावा से घर लौट रहा था। वारदात की सूचना पर पुलिस अलर्ट हो गई। मौके पर पहुंची तो देखा कि गोली अनुराग की पीठ पर कंधे के पास लगी थी। इसके बाद उसे बिधूना के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
अनुराग के पिता ने इस मामले में गांव के गौरव दुबे, सुधांशु दुबे व सतीश दुबे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इन तीनों से अनुराग और उसके परिवार का जमीन से जुड़ा विवाद चल रहा था। केस दर्ज होने के बाद जब पुलिस ने जांच की तो कहानी में एक के बाद एक झोल नजर आने लग गए। जिनके खिलाफ केस दर्ज कराया था। उनसे भी पूछताछ की। उन्होंने भी वारदात के बारे में इंकार कर दिया। वारदात के वक्त अपनी लोकेशन पुलिस को बताई।
इस मामले में जमीन विवाद की बात सामने आई तो फिर पुलिस ने क्राइम सीन का बारीकी से मुआयना किया। घायल होने का बहाना कर रहे अनुराग दुबे से कड़ाई से पूछताछ की। सख्ती से अनुराग टूट गया। उसने पुलिस के सामने कबूल किया कि विरोधियों को फंसाने के लिए ही उसने अपने कंधे में झोलाछाप डॉक्टर से गोली प्लांट करवाई है।
अनुराग ने बताया कि 9 जून को ही वह कन्नौज के रहने वाले एक झोलाछाप डॉक्टर दीवान सिंह शाक्य से मिला। उन्होंने सूजे की मदद से उसके शरीर में गोली प्लांट कर दी। वारदात की सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने अनुराग दुबे, उसके पिता संजय और झोलाछाप दीवान शाक्य को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने झोलाछाप के पास से गोली प्लांट करने का सामान भी बरामद कर लिया है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार झोलाछाप ने पहले भी लोगों के शरीर में गोली प्लांट की है। उसके बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है। मामूली से विवाद में वह शरीर में गोली प्लांट कर देता था, उसके बाद वह केस 307 जैसी गंभीर धारा में बदल जाता है। इसकी जांच कराई जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)