आजमगढ़: स्नान करते पोखरे में डूबे दो किशोर, शव देख मचा कोहराम

Youth India Times
By -
0

रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के बिलारमऊ गांव स्थित पोखरे में बुधवार को स्नान करते समय दो किशोरवय लड़कों की डूब कर मौत हो गई। मृत दोनों किशोर रिश्ते में मौसेरे भाई थे। एक किशोर मां-बाप की इकलौती संतान था। इस हादसे से दोनों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के बिलारमऊ गांव निवासी सत्यम (15) पुत्र सुरेंद्र चौरसिया के घर इन दिनों उसके मौसी का लड़का शुभम (16) पुत्र रामभवन निवासी कलान बाजार थाना पवई आया हुआ था। बुधवार को दिन में दोनों गांव स्थित पोखरे पर नहाने के लिए गए थे। नहाते समय दोनों पोखरे में डूब गए। घटना के समय पोखरे पर किसी के न होने की वजह से किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सकी। दोपहर लगभग एक बजे गांव का ही एक युवक पोखरे पर नहाने पहुंचा तो पानी में उतराए दोनों शवों को देख शोर मचाया। शोर सुनकर गांव के लोगों के साथ ही सत्यम के परिजन भी मौके पर पहुंचे। निर्जीव हालत में मिले दोनों किशोरों को आनन-फानन पोखरे से निकाल कर तत्काल ईलाज के लिए शाहगंज (जौनपुर) ले जाया गया। जांच के बाद चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर मौसी के घर आए शुभम के परिजन भी शाहगंज पहुंच गए। रोते-बिलखते परिजन शव लेकर कलान चले गए। सत्यम के शव के साथ परिजन बिलारमऊ पहुंचे तो परिवार में चीख पुकार मच गई। दो मौतों से गांव के लोग भी शोक में डूब गए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)