एक और सपा विधायक ने पार्टी से बनाई दूरी, फोन उठाना भी किया बंद

Youth India Times
By -
0

बरेली। हाल ही में सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ जहर उगलकर बुलडोजर के निशाने पर आए समाजवादी पार्टी के विधायक शहजिल इस्लाम का भी अब पार्टी से दिल टूट गया है। बताया जा रहा है कि बुलडोजर चलने पर पार्टी की ओर से बचाव नहीं किए जाने की वजह से वह नाराज हैं। बरेली के भोजपुरा सीट से विधायक शहजिल इस्लाम ने पार्टी के कार्यक्रमों से दूरी बना ली है। यहां तक कि वह नेताओं और पदाधिकारियों के फोन तक नहीं उठा रहे हैं।
शहजिल इस्लाम की नाराजगी उस वक्त और ज्यादा साफ हो गई जब वह बरेली में सपा कार्यालय में आयोजित इफ्तार पार्टी में नहीं पहुंचे। पार्टी के कई नेताओं ने उन्हें फोन मिलाया तो उन्होंने किसी से बात नहीं की। इससे पहले सपा का प्रतनिधिमंडल भी उनसे मिलने पहुंचा था तो शहजिल इस्लाम ने मिलने से इनकार कर दिया था। अटकलें हैं कि वह जल्द ही पार्टी भी छोड़ सकते हैं। शहजिल इस्लाम की यह नाराजगी ऐसे समय पर सामने आई है जब सपा के सबसे बड़े मुस्लिम नेता आजम खान भी पार्टी की उपेक्षा से नाराज बताए जा रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले दिनों शहजिल इस्लाम योगी सरकार को लेकर विवादित बयान देकर सुर्खियों में आए थे। उन्होंने विधानसभा में सपा विधायकों की संख्या बढ़ने को लेकर धमकी भरे लहजे में कहा था कि अब उनकी बंदूक से धुआं नहीं गोली निकलेगी। इसके बाद उनके अवैध पेट्रोल पंप पर बुलडोजर चला था। इस बीच उनके खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया गया है। शहजिल इस्लाम के करीबियों का कहना है कि सरकार की कार्रवाई के दौरान उन्हें पार्टी नेतृत्व की ओर से अपेक्षित सहयोग या संरक्षण नहीं मिला, जिसकी वजह से वह नाराज हैं। वह अपने करीबियों के साथ अपने अगले कदम पर विचार कर रहे हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)