रेप के आरोपी सिपाही ने की खुदकुशी

Youth India Times
By -
0


मरने से पहले वीडियो में बोला-लड़की ने तबाह कर दी जिंदगी
आगरा। आगरा के खंदौली के गांव नगला अर्जुन (मौजा सैमरा) में मंगलवार की रात जेल पुलिस के सिपाही जितेंद्र कुमार ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वह अपनी ननिहाल में आया था। उसके खिलाफ फिरोजाबाद में दुराचार का मुकदमा दर्ज था। इस कारण वह परेशान था। मरने से पहले उसने मोबाइल में वीडियो बनाया। इसमें युवती और उसके परिजनों को आत्मघाती कदम का जिम्मेदार ठहराया।
मूलत: हाथरस के गांव रसगमा सहपऊ निवासी जितेंद्र कुमार पांच माह पहले ही जेल पुलिस में सिपाही पद पर भर्ती हुआ था। उसकी तैनाती बागपत जेल में थी। कुछ दिनों से वह अपनी ननिहाल में मामा अतर सिंह के घर रह रहा था। जितेंद्र ने खुद को कमरे में बंद करने के बाद चारपाई की रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगाई। उसका शव पंखे पर लटका मिला। खुदकुशी से पहले एक वीडियो बनाकर वायरल किया। वीडियो में उसने गांव नगला नत्थे, खैरगढ़ (फिरोजाबाद) की एक युवती और उसके परिजनों को खुदकुशी का जिम्मेदार ठहराया। युवती उसकी दूर की रिश्तेदार है। वीडियो में उसने कहा कि युवती उस पर शादी का दबाव बना रही थी। शादी से इनकार पर उसके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जितेंद्र कुमार का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उसका मोबाइल भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। उसकी जांच कराई जाएगी।
जितेंद्र मानसिक तनाव में था। मुकदमे के बाद वह नौकरी नहीं कर पा रहा था। उसे गिरफ्तारी का डर था। वह भयभीत था। उसे लग रहा था कि अपने कारण वह रिश्तेदार और परिजनों को परेशान कर रहा है। ननिहाल पक्ष के लोगों ने बताया कि मंगलवार को जितेंद्र के मामा अपने कुछ परिचितों के साथ युवती के घर खैरगढ़ गए थे। ताकि वहां बातचीत से कोई हल निकाला जा सके। जितेंद्र घर में अकेला रह गया था। पीछे से उसने अपनी जान दे दी।


Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)