रोक के बाद भी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर उतरेंगे सपाई

Youth India Times
By -
0

अखिलेश यादव ने योगी सरकार को चेताया
लखनऊ। गाजीपुर से आजमगढ़ तक मंगलवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर होने वाली अखिलेश यादव की रथयात्रा को प्रदेश सरकार ने इजाजत देने से इनकार कर दिया है। इसे लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को योगी सरकार पर हमला बोला। अखिलेश यादव ने चेताया कि बसपा सरकार ने भी यमुना एक्सप्रेसवे पर सपाइयों को रोकने की कोशिश की थी। इसके बाद भी सपाई एक्सप्रेसवे पर उतरे और सपा की सरकार बन गई। इस बार भी सपाई पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उसी तर्ज पर उतरेंगे और सपा की सरकार बनेगी। लखनऊ में अखिलेश यादव ने कहा कि जहां उनकी यात्रा होनी थी, प्रदेश सरकार ने बोल्डर रखवा दिया है। सपा के नेता आज भी प्रशासन से इजाजत देने के लिए मिलने गए हैं। इजाजत नहीं मिलने पर भी सपाई वही करेंगे जो बसपा की सरकार में किया था। अखिलेश ने आरोप लगाया कि गाजीपुर से सुल्तानपुर तक सपा नेताओं को अभी से घरों में कैद किया जा रहा है। उनकी गिरफ्तारी की तैयारी हो रही है।
अखिलेश ने इस बात पर आश्चर्य जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक्सप्रेसवे उद्घाटन के कार्यक्रम को कारण बताते हुए उनके आयोजन को इजाजत नहीं दी जा रही है। अखिलेश ने कहा कि मुझे हेलीकॉफ्टर से गाजीपुर के अखिरी गांव में उतरना था। वहां से आज़मगढ़ जाना था। आजमगढ़ से सुल्तानपुर सौ किलोमीटर दूर है, फिर भी हमें रोक रहे हैं। हम आसमान में उनसे मिलने तो नहीं जा रहे हैं, फिर मुझे क्यों रोका जा रहा है? इतनी दूरी के बाद भी मेरी रथयात्रा से प्रधानमंत्री का कार्यक्रम कैसे बाधित हो सकता है? अखिलेश ने कहा कि बसपा सकार में भी यमुना एक्सप्रेसवे पर सपाइयों को रोकने की कोशिश की थी। इसके बाद भी सपाई साइकिल कंधे पर लेकर यमुना एक्सप्रेसवे पर उतरे। सपा के एक्सप्रेसवे पर उतरते ही सपा की सरकार भी बनीं। इस बार भी सपाई कंधे पर साइकिल लेकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उतरेंगे और सपा की सरकार बनेगी। अखिलेश ने कहा कि बहुत जल्द हम एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा कार्यक्रम बनाएंगे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)