आजमगढ़: सपा कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया नेताजी का जन्मदिन

Youth India Times
By -
0

किसानों की समस्याओं को मुलायम सिंह यादव ने सड़क से लेकर सदन तक उठाने का किया काम-हवलदार
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। जिले में सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का 82वां जन्मदिन समारोह सोमवार को धूमधाम के साथ मनाया गया। पार्टी के जिला कार्यालय पर मौजूद सपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने केक काटकर अपने प्रिय नेता का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। सपाइयों ने पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव को शुभकामनाएं देने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समारोह में उपस्थित पार्टी के निष्ठावान लोगों को अंगवस्त्रम व पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। जन्मदिन समारोह में उपस्थित पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव का कहना है कि आज नेताजी के जन्मदिन पर हम सभी समाजवादी परिवार के लोग आने वाले विधानसभा के चुनाव में सरकार बनाने का संकल्प लेते हैं। इसके साथ ही वर्तमान सरकार जो किसानों के ऊपर लगातार अत्याचार कर रही है। सपा किसानों के लिए अखिलेश यादव के नेतृत्व में संघर्ष करेगी। किसानों की समस्याओं को मुलायम सिंह यादव ने सड़क से लेकर सदन तक उठाने का काम किया था। आज देश के प्रधानमंत्री को यह किसान विरोधी बिल वापस लेना पड़ा। यह किसानों के साथ नेताजी की मेहनत का परिणाम है। आजमगढ़ जनपद की गिनती सपा के गढ़ में की जाती है। वर्तमान समय में अखिलेश यादव यहां से सांसद हैं। अखिलेश यादव से पूर्व 2014 के लोकसभा चुनाव में मुलायम सिंह यादव यहां से चुनाव जीते थे। सपा के इस मजबूत गढ़ के बारे में इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि 2017 के विधानसभा चुनाव में जब पूरे प्रदेश में भाजपा का विजय रथ दौड़ रहा था तो सपा ने इस जिले में भाजपा के विजय रथ रोकने का काम किया। यही कारण है कि सपा के इस गढ़ में भाजपा को एक मात्र फूलपुर-पवई सीट पर ही संतोष करना पड़ा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)