बलिया पहुंचे शिवपाल यादव ने सरकार पर साधा निशाना

Youth India Times
By -
0

कहा - नोटबंदी, जीएसटी और महंगाई से जनता त्रस्त
बलिया। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने बलिया में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों की गलत नीतियों व कार्यों के कारण देश के लोग परेशान हैं। देश की एकता व अखंडता को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वे शुक्रवार की देर शाम सहतवार कस्बे में सामाजिक परिवर्तन रथयात्रा लेकर पहुंचे थे। इस दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नोटबंदी, जीएसटी, महंगाई के कारण लोग परेशानी झेल रहे हैं।
कहा कि राजनीतिक पार्टियों व किसानों की सलाह के बिना नया कृषि कानून बना दिया गया है। किसान एक साल से सड़क पर आंदोलन कर रहे हैं। सरकार ने प्रतिवर्ष दो करोड़ लोगों को नौकरी देने की झूठी बात कही। देश के आर्थिक विकास को चौपट कर दिया गया है। शिवपाल ने कहा कि विश्व में भारत आर्थिक रूप से छोटे देशों से भी पीछे हो गया है। बेरोजगारी से युवा परेशान हैं। प्रदेश में विकास नहीं हो रहा है। सीएम की कोई अफसर सुनता ही नहीं है। तहसील, थाने में भ्रष्टाचार से आम लोग त्रस्त हैं।
देश में धर्म का विवाद पैदाकर भाई से भाई व जाति से जाति को लड़ाने का कार्य हो रहा हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रसपा किसान, गरीब, मजदूरों के लिए ऐसी पालिसी लाएगी कि सभी को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि बागी बलिया से बिगुल फूंककर इतिहास रचा जाएगा। वहीं सिकंदरपुर में रैली में शिवपाल ने कहा कि सरकार बनी तो सबसे पहले छात्र संघ को बहाल किया जाएगा। पुरानी पेंशन, 300 यूनिट बिजली मुफ्त, युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। शिवपाल यादव पूर्वांचल में चुनावी दौरे पर इन दिनों हैं और वह समाजवादी पार्टी में अपनी पार्टी के विलय को लेकर इन दिनों पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से भी परिचर्चा कर रहे हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)