बुद्ध के ज्ञान की खोज में दरोगा के बेटे ने घर छोड़ा

Youth India Times
By -
0

मेरठ। गाजियाबाद के निवाड़ी थानाध्यक्ष मनोज कुमार का बेटा हस्तिनापुर के आश्रम से बरामद कर लिया गया है। 15 वर्षीय किशोर अपने घर पर एक चिट्ठी छोड़कर आया था कि वह भगवान बुद्ध की तरह ज्ञान की खोज में जा रहा है। इसके बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई और तलाश शुरू की। किशोर की बरामदगी के बाद हस्तिनापुर के आश्रम के महंत ने बताया कि बच्चा बार-बार एक ही बात कह रहा था कि वह संन्यास लेना चाहता है और इसके बाद हिमालय चला जाएगा। परिजनों ने फिलहाल किशोर को शामली में उसके पैतृक गांव भेजा है।
दरोगा मनोज कुमार फिलहाल निवाड़ी थाने के प्रभारी हैं। उन्होंने शनिवार को कंकरखेडा थाने पर अपने बेटे आर्यन की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बताया था कि वह घर पर एक नोट छोड़कर गया है, जिसमें लिखा था कि वह ज्ञान की खोज के लिए जा रहा है। इसके बाद किशोर की तलाश प्रारंभ कर दी गई। मेरठ समेत आसपास के जिले में किशोर की फोटो समेत सूचना फ्लैश की गई थी। रविवार रात करीब 11 बजे हस्तिनापुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह यादव को सूचना मिली कि एक किशोर पांडेश्वर मंदिर के पास विदुर आश्रम में आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और किशोर से जानकारी की। उसकी पहचान आर्यन के रूप में की गई और दरोगा मनोज कुमार को सूचना दी गई।
पुलिस ने पूछताछ की तो आश्रम के महंत जगतगिरी महाराज ने बताया कि किशोर दो दिन पहले यहां आया था। काफी पूछने पर उसने किसी अन्य जिले का नाम बताया और कहा कि मैं धर्म के बारे में जानकारी हासिल करना चाहता हूं। इसलिए संन्यास लेना चाहता हूं। ज्ञान और धर्म की खोज करनी है और संन्यास लेने के बाद हिमालय चला जाऊंगा। बताया कि मन पढ़ाई में नहीं लगता और धर्म-कर्म में रुचि है। हालांकि परिजन पढ़ाई का दबाव बनाते हैं। आर्यन रविवार सुबह महंत जगतगिरी की साइकिल लेकर मुख्य मार्ग तक गया था। इसके बाद वापस लौट आया। किशोर की गतिविधि देखकर ही पुलिस को सूचना दी गई। बताया कि आर्यन लगातार परेशान सा दिख रहा था। कभी कहता था कि उसे बौद्ध धर्म स्वीकार करना है। इस बात को लेकर आर्यन को बताया गया कि बौद्ध धर्म देहरादून के मठ में अपना सकता है। दरोगा मनोज कुमार ने बताया कि एक बार पहले भी आर्यन परिवार के साथ हस्तिनापुर आ चुका है। घर छोड़ने के बाद वह सीधे बस अड्डे पहुंचा और वहां से हस्तिनापुर की बस में बैठ गया था। बताया कि फिलहाल आर्यन को शामली में पैतृक आवास पर भेजा है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)