आजमगढ़: छठ पूजा के दौरान पोखरे में डूबे दो युवक, शव बरामद

Youth India Times
By -
0

जहानागंज व बरदह क्षेत्र में हुई घटनाएं, परिवार में मचा कोहराम
रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। डाला छठ पर्व के अवसर पर गुरुवार की सुबह उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्यदान करते समय जिले के जहानागंज व बरदह थाना क्षेत्र में पोखरे में डूब जाने से दो युवकों की मौत हो गई। इस घटना से जहां मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं घटना के साक्षी रहे लोगों के भी चेहरे बुझ हो गए। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
जहानागंज थाना क्षेत्र के सेमरवल ग्राम निवासी जनार्दन उर्फ जत्तन पासी का 19 वर्षीय पुत्र रविंद्र सरोज गुरुवार को तड़के दोस्तों के साथ गांव में स्थित पोखरे पर आयोजित डाला छठ पर्व पर किए जाने वाले अर्घ्यदान कार्यक्रम में शामिल होने गया था। बताते हैं कि इस दौरान रविंद्र दोस्तों के साथ पोखरे में नहाने के लिए घुसा। पोखरे की गहराई का अंदाजा न होने से वह पानी में समा गया। इसकी जानकारी के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन गांव के लोग जुटे और काफी तलाश के बाद रविंद्र का शव बरामद किया जा सका। घटना की सूचना पाकर मुकामी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक सात भाइयों में चौथे नंबर पर तथा जीविकोपार्जन के लिए मजदूरी का कार्य करता था। इसी क्रम में बरदह थाना क्षेत्र के जीवली ग्राम निवासी महेंद्र सरोज का 20 वर्षीय पुत्र राहुल गुरुवार की सुबह गांव के तीन दोस्तों के साथ पोखरे पर डाला छठ पर्व का समापन देखने गया था। अर्घ्यदान कार्यक्रम संपन्न होने के बाद राहुल दोस्तों के साथ पोखरे में नहाते समय डूब गया। जानकारी होते ही गांव के लोग उसकी तलाश में पोखरे में उतरे और काफी मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद जहां मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं गांव में भी शोक व्याप्त हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक तीन भाई एक बहन में सबसे बड़ा बताया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)