आजमगढ़: दुष्कर्म की वीडियो वायरल करने वाला गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

रिपोर्ट-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। निगाह में गड़ी महिला को अपना बनाने के लिए पहले उसके पति से मित्रता की और उसके घर आते-जाते मित्र की पत्नी से अपनी पहचान बना ली। एक दिन मौका पाकर मित्र की पत्नी को अपनी हवस का शिकार बनाते हुए उसकी वीडियो बना लिया। फिर इसी बहाने महिला का शारीरिक शोषण करता रहा। मन भर जाने के बाद उसने दुष्कर्म की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। आरोपी को जहानागंज पुलिस ने रविवार की रात गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसे सोमवार को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
जहानागंज थाना क्षेत्र के कारीसाथ ग्राम निवासी जामवंत यादव पुत्र शिवचरण यादव की कामुक निगाह क्षेत्र की रहने वाली एक महिला पर गड़ी और वह महिला को अपना बनाने की जुगत में लग गया। किसी तरह उसने महिला के पति से मित्रता कर ली और इसी बहाने उसके घर आने- जाने लगा। वासना की आग में झुलस रहे जामवंत ने मित्र की पत्नी से भी संबंध प्रगाढ़ कर लिए। बताते हैं कि जामवंत एक दिन मित्र की नामौजूदगी में उसके घर पहुंचा और मौका पाकर उसकी पत्नी के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाते हुए उसकी वीडियो बना लिया। इसके बाद महिला के साथ शारीरिक शोषण का सिलसिला चलता रहा। वीडियो वायरल करने की धमकी से परेशान महिला चुपचाप शारीरिक शोषण सहती रही। बताते हैं कि बीते 20 अक्टूबर की रात आरोपी जामवंत वासना की आग ठंडी करने की नियत से महिला के घर पहुंचा लेकिन उसकी बुजुर्ग सास घर में घुस रहे अनजान युवक को देख चोर-चोर का शोर मचाना शुरू कर दिया। पकड़े जाने के भय से आरोपी मौके से फरार हो गया। इस बात के लिए वह महिला को जिम्मेदार मानते हुए उसके साथ बनाए गए शारीरिक संबंध की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित पक्ष द्वारा इसकी शिकायत किए जाने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। रविवार की रात जहानागंज थानाप्रभारी गजानंद चौबे ने मयफोर्स आरोपी के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)