पुलिस थाने के मालखाने से 25 लाख की चोरी, इंस्पेक्टर समेत छः सस्पेंड

Youth India Times
By -
0

इलाके के चोर ही नहीं पुलिस कर्मी भी शक के घेरे में
आगरा। किसी भी थाने का मालखाना सबसे सुरक्षित माना जाता है। शनिवार की रात जगदीशपुरा थाने के मालखाने से 25 लाख रुपये चोरी हो गए। ड्यूटी में लापरवाही पर इंस्पेक्टर जगदीशपुरा सहित छह पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया है। अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज हुआ है। इलाके के चोर ही नहीं पुलिस कर्मी भी शक के घेरे में हैं। सुबह साढ़े नौ बजे चोरी की जानकारी सबसे पहले मालखाना प्रभारी हैड मोहर्रिर प्रतापभान सिंह को हुई।
सुबह थाने आने के बाद वह बाहर चाय पीने चले गए। कुछ देर बाद लौटकर आए। मालखाने का ताला खोला। सामान अस्त-व्यस्त दिखा। जिस बक्से में कैश था उसका ताला टूटा हुआ था। यह देख होश उड़ गए। पहले इंस्पेक्टर जगदीशपुरा अनूप कुमार तिवारी को घटना की जानकारी दी। करीब दो घंटे बाद पहले एसपी सिटी विकास कुमार उसके बाद एसएसपी मुनिराज जी थाने पहुंचे। गहन छानबीन चली। मालखाने तक किसी को जाने नहीं दिया गया। बाद में एसएसपी ने बताया कि 25 लाख रुपये चोरी हुए हैं। पिस्टल और सोना सुरक्षित है। दोपहर को एडीजी राजीव कृष्ण घटना स्थल पर आए। इसके बाद इंस्पेक्टर जगदीशपुरा अनूप कुमार तिवारी, एसआई रामनिवास, आरक्षी जितेंद्र सिंह, सुखवीर सिंह, साजदा और हैड मोहर्रिर प्रतापभान सिंह को निलंबित किया गया है। रामनिवास की नाइट ड्यूटी थी। अन्य पुलिस कर्मी रात को थाने पर तैनात थे। थाना जगदीशपुरा के दो गेट हैं। मुख्य गेट रोडवेज कालोनी वाली गली में है। एक गेट लोहामंडी-बोदला मार्ग पर मार्केट की तरफ है। वह गेट बंद रहता है। झाड़ियां खड़ी हुई हैं। इस गेट से 30 मीटर आगे थाना परिसर का भवन है। मालखाने का पिछला हिस्सा इसी गेट के सामने है। रात को जिसने भी चोरी की उसने इसी गेट से अंदर प्रवेश किया होगा। गेट और खिड़की टूटी हुई मिली। रात को थाने में चोरी हो गई और पुलिस बेखबर थी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)