मुलायम की फोटो के साथ निकली शिवपाल की सामाजिक परिवर्तन रथ

Youth India Times
By -
0

इटावा। समाजवादी पार्टी से अलग होकर भी अपनी अलग पार्टी बना चुके शिवपाल अभी बड़े भाई मुलायम सिंह यादव से दूरी नहीं बना सके हैं। राजनीति में वह एकलव्य की तरह कदम बढ़ाते हुए बड़े भाई को गुरु द्रोण मान परिवर्तन रथ में फोटो लगाकर आगे बढ़ने की तैयारी में है। प्रदेश में दो बार क्रांति रथ निकाल चुके मुलायम सिंह यादव के पद चिह्नों पर चलते हुए वह भी सामाजिक परिवर्तन रथ निकालने वाले हैं। आधुनिक सुविधाओं से लैस प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव का परिवर्तन रथ तैयार हो चुका है और फिलहाल सैफई के एसएस मेमोरियल स्कूल में खड़ा किया गया है। 
वर्ष 1989 में मुलायम सिंह यादव ने क्रांति रथ से समूचे प्रदेश में भ्रमण करके कांग्रेस की सरकार को अपदस्थ कर दिया था। 32 साल बाद उसी तर्ज पर प्रसपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने रथ से प्रदेश भ्रमण की रणनीति बनाई है। करीब 10 साल पहले सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी वर्ष 2012 में क्रांति रथ से प्रदेश भ्रमण किया था। प्रसपा जिला प्रमुख महासचिव कृष्ण मुरारी गुप्ता ने बताया कि सितंबर के दूसरे पखवारे में 15 सितंबर तक रथयात्रा शुरू होगी। प्रसपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के निजी सचिव कर्मराज यादव ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अभी कार्यक्रम निर्धारित नहीं किया है, रथ का अवलोकन करने के उपरांत वे ही कार्यक्रम निर्धारित कराएंगे। आधुनिक सुविधाओं से लैस परिवर्तन रथ की फोटो तेजी से वायरल हो रही हैं। इसमें मुलायम सिंह यादव का फोटो भी है, उनके अलावा राम मनोहर लोहिया, जनेश्वर मिश्र की फोटो भी है। रथ पर प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह और बेटे आदित्य अंकुर की भी तस्वीर। फोटो में रथ के अंदर का इंटीरीयर भी खासा आकर्षक और आरामदायक दिखाई दे रहा है। अंदर भी मुलायम सिंह का फोटो लगा हुआ है। वहीं बैठने के लिए आरामदायक सोफा नुमा कुर्सियां लगी हैं। फिलहाल कड़ी सुरक्षा के बीच रथ खड़ा है। सुरक्षा कर्मी किसी को भी रथ के पास जाने नहीं देते हैं। हासचिव कृष्ण मुरारी गुप्ता बताते हैं कि रथ में अभी कुछ छिटपुट खामियां हैं जिन्हें दूर कराया जा रहा है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)