आजमगढ़ : चेन स्नेचर महिला पकड़ी गई, तीन हुईं फरार

Youth India Times
By -
0

-वेद प्रकाश सिंह 'लल्ला'
आजमगढ़। शहर के सिविल लाईन क्षेत्र में ई-रिक्शा पर बैठी महिला यात्री के गले से चेन काटकर भागने का प्रयास कर रही एक महिला को पीड़ित महिला ने दबोच लिया। जबकि उसके साथ रही तीन अन्य महिलाएं भागने में सफल रही। पकड़ी गई महिला को महिला थाने की सुपुर्दगी में दिया गया है।
बुधवार को दिन में शहर के रोडवेज क्षेत्र से मुख्य चौक जाने के लिए ई- रिक्शा पर सवार हुई महिला को देख सिविल लाइन क्षेत्र में नगर घड़ी चौराहे पर मौजूद चार महिलाएं भी वाहन में सवार हो गईं। उक्त वाहन नगर पालिका तिराहे के पास पहुंचा तभी पहले से बैठी महिला के गले में मौजूद चेन के गायब होने का एहसास हुआ और उसने अपने बगल में बैठी महिला पर चेन चोरी करने का संदेह जताते हुए ई-रिक्शे को रोक लिया। पीड़ित महिला के शोर मचाने पर आसपास भीड़ जमा हो गई। इसी बीच मौका पाकर वाहन में बैठी तीन अन्य महिलाएं भीड़ का लाभ उठाते हुए फरार हो गईं। जबकि एक को पीड़ित महिला ने पकड़ लिया। बताते हैं कि काटी गई चेन ई-रिक्शा में गिरी मिली जिससे पीड़ित महिला ने राहत की सांस ली। उधर भीड़ में शामिल लोगों ने मौके पर पुलिस बल बुलाकर पकड़ी गई महिला को उनके हवाले कर दिया। पकड़ी गई महिला से महिला थाने में पूछताछ की जा रही है। पुलिस अभिरक्षा में रही महिला मऊ जनपद के दोहरीघाट थाना क्षेत्र की निवासी बताई गई है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई विधिक कार्रवाई नहीं हो सकी थी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)