आजमगढ़: सर्विलांस के सहारे पुलिस ने किशोरी को गैर प्रान्त से किया बरामद

Youth India Times
By -
0

बुधवार की दोपहर को गायब हुई थी किशोरी, पिता ने अपहरण का दर्ज कराया था मुकदमा
आजमगढ़। जहानागंज क्षेत्र से गायब किशोरी के मामले में पुलिस को सफलता हाथ लग चुकी है। सर्विलांस के सहारे किशोरी तक पहुंची पुलिस के हाथ आरोपित भी आ गया है। पुलिस दोनों को लेकर शनिवार आधी रात के बाद जिले में पहुंच गई, लेकिन राज खोलने से परहेज करती रही।
जहानागंज थाना क्षेत्र के एक गांव से बुधवार की दोपहर किशोरी के गायब होने के बाद उसके पिता ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। युवक दूसरे पक्ष का होने के कारण घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही थी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर दबाव बनाने के लिए युवक पक्ष के लोगों को थाने में बिठाया था। उसके बाद तो आरोपित के बारे में पल-पल की खबर उसके परिवार के लोग ही बताने लगे थे। पूछताछ में आरोपित की मां ने स्वीकार किया कि वह लड़की कुछ दिन पूर्व मेरे लड़के के साथ घर आई थी। मैंने उसको समझाया भी, लेकिन दोनों नहीं माने। दोनों बात करते थे। एक सप्ताह पूर्व लड़का गैर प्रान्त गया है और उसका लोकेशन भी गैर प्रान्त में ही मिल रहा है। लड़की के गायब होने पर कयास लगाया जा रहा था कि वह किसी के सहयोग से उसी के यहां गई होगी।
सर्विलांस के सहारे पुलिस ने लड़की के साथ आरोपित को भी गैर प्रान्त से बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया। उसे लेकर जिले में पहुंच भी चुकी है। खास बात यह कि इस उपलब्धि के बारे में पुलिस कुछ बोलने से कतरा रही है। माना जा रहा है कि पुलिस घटना के पीछे के और कारणों की तलाश में है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)