आजमगढ़: बाइक सवार बदमाशों ने किया प्रधान का अपहरण

Youth India Times
By -
0

परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका, एक को पुलिस ने लिया हिरासत में
आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के कैथौली गांव के प्रधान हौसला प्रसाद राजभर का बाइक सवार बदमाशों ने शनिवार की रात अपहरण कर लिया। इसकी जानकारी कुछ देर बाद घर वालों को हुई। परिवार के लोगों ने अनहोनी की आशंका जताई है।
आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद एक युवक को हिरासत में ले लिया है। प्रधान हौसला प्रसाद शनिवार रात आठ बजे घर से सौ मीटर दूर स्थित शिव मंदिर में पूजा करने गए थे। उसी समय बाइक से पहुंचे बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। जब तक वह कुछ समझ पाते तब तक उन्हें दबोचकर बाइक पर बैठाकर फरार हो गए। रात में हुई घटना की जानकारी जैसे ही गांव में फैली तो हड़कंप मच गया। देखते ही देखते पूरा गांव ही उनके दरवाजे पर उमड़ पड़ा। हर कोई घटना को लेकर हैरत में था। ग्रामीणों ने बताया कि प्रधान ही शिव मंदिर के पुजारी थे और सुबह-शाम नियमित पूजा करते थे। अभी पांच जून को भी मंदिर जाते समय उनके ऊपर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। चुनाव प्रचार के समय भी उन्हें मारा- पीटा गया था, लेकिन इन घटनाओं को प्रधान ने बहुत गंभीरता से नहीं लिया और रात में भी अकेले ही मंदिर चले जाते थे। पुलिस के अनुसार परिजनों ने पूर्व में भी हमला करने और धमकी देने की बात कही है। ऐसे में पूर्व के मामलों के मुताबिक ही जांच पड़ताल को केंद्र में रखा गया है। वहीं लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस सक्रियता से अपहरण के मामले की जांच पड़ताल कर रही है। बताया कि जल्द ही मामला उजागर हो जाएगा। वहीं परिजनों ने अनहोनी की आशंका व्घ्यक्त की है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)