आजमगढ़ : डंपिंग ग्राउंड के प्रति अंधा और बहरा हुआ प्रशासन

Youth India Times
By -
0

शहर के बीच कूड़े के ढेर से जीवन हुआ नारकीय 

दुर्गंधयुक्त जीवन जीने को मजबूर हैं शहरवासी
नपा प्रशासन को आप कार्यकर्ताओं ने दिया एक सप्ताह का अल्टीमेटम
-वेदप्रकाश सिंह 'लल्ला'
आजमगढ़। शहर के बीच स्थित पुराने जेल की जमीन पर नगर पालिका प्रशासन द्वारा बनाए गए डंपिंग ग्राउंड के प्रति जिला प्रशासन अंधा और बहरा बना बैठा है। बरसात के मौसम में कूड़े के ढेर से उठ रही दुर्गंध के चलते शहरवासियों का जीवन नारकीय हो चला है। कोरोना संक्रमण काल में नपा प्रशासन द्वारा इस कृत्य के चलते लोग संक्रामक बीमारी के फैलाव की आशंका से भयभीत हैं। नगरवासियों की पीड़ा को समझते हुए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने डंपिंग ग्राउंड हटाने को लेकर नपा प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है।
शहर के मध्य स्थित पुरानी जेल की भूमि पर नगर पालिका प्रशासन द्वारा पिछले डेढ़ वर्ष से कूड़े का ढेर लगाया जा रहा है। जबकि शासन द्वारा मिले निर्देश के बाद प्रशासन ने शहर से दूर स्थित मझगावां ग्रामसभा में डंपिंग ग्राउंड के लिए पर्याप्त भूमि ढूंढ लिया है। पालिका प्रशासन द्वारा वहां नगर क्षेत्र से निकलने वाले कूड़े को वाहनों पर लादकर भेजा भी जा रहा था। पिछले एक साल से नपा प्रशासन पुरानी जेल की भूमि पर कूड़े का अंबार लगा रहा है। बारिश के मौसम में कूड़े के अंबार से उठ रही दुर्गंध के चलते नगर के मुख्य मार्ग से गुजरने वाले लोगों का जीना हराम हो गया है। आसपास के लोग कूड़े के ढेर से उत्पन्न होने वाली संक्रामक बीमारियों के प्रसार की आशंका से भयभीत हैं। इस संबंध में कई बार स्वयंसेवी संगठनों द्वारा जिला प्रशासन से शिकायत की गई लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात जैसा ही रहा। हालांकि इस मामले को लेकर मंडलायुक्त व जिलाधिकारी ने नगर पालिका प्रशासन को डंपिंग ग्राउंड हटाने का निर्देश दिया लेकिन उनके निर्देश को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। शहर में आने वाले गैर जनपद व प्रांतों के लोग नगर पालिका प्रशासन की इस व्यवस्था को देख दातों तले उंगली दबा लेते हैं, जब उन्हें स्थानीय निवासी इस गंभीर समस्या के प्रति अपनी पीड़ा और मजबूरी बताते हैं। नगरवासियों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए आम आदमी पार्टी के नगर अध्यक्ष गोविंद दुबे ने इस संबंध में जिला प्रशासन को डंपिंग ग्राउंड हटाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा है। साथ ही उन्होंने नपा प्रशासन को कूड़े का अंबार हटाने के लिए एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। आप कार्यकर्ताओं ने इस गंभीर समस्या के लिए शहरवासियों से आगे आने की अपील की है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)