आजमगढ़ : पेड़ से रस्सी के सहारे लटकती मिली युवक की लाश

Youth India Times
By -
0

फूलपुर क्षेत्र के बनवीर पुर गांव की घटना 

रिपोर्ट- रविप्रकाश सिंह 
फूलपुर, आजमगढ़। क्षेत्र के बनवीर पुर गांव में गुरुवार की सुबह शीशम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटक रही युवक की लाश देख क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृत युवक बुधवार की रात भोजन के बाद घर से निकला था।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के बनवीरपुर ग्राम निवासी ओंकार व उसके चार पुत्र मेहनत-मजदूरी कर परिवार की आजीविका चलाते थे। पुत्रों में सबसे बड़ा 22 वर्षीय महेंद्र की मानसिक हालत कुछ समय से खराब चल रही थी। परिजन अपने स्तर से उसका इलाज करा रहे थे। बताते हैं कि बुधवार की रात भोजन करने के बाद महेंद्र घर से चुपचाप बाहर निकल गया। देर रात जब वह घर नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश में निकले लेकिन उसका पता नहीं चल सका। गुरुवार की सुबह घर से लगभग 800 मीटर दूर स्थित नहर के किनारे दैनिक क्रिया के लिए निकले ग्रामीण शीशम के पेड़ से रस्सी के सहारे झूल रहे महेंद्र का शव देख दंग रह गए। घटना की जानकारी पाकर मृतक महेंद्र के परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। काफी देर तक जब पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और वहां काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई तो गांव के पूर्व प्रधान व भाजपा नेता विनोद सिंह ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया। परिजनों के अनुसार मृतक की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। संभवत इसी वजह से उसने ऐसा कड़ा कदम उठा लिया। समाचार लिखे जाने तक मौके पर पुलिस के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा था। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)