भाजपा विधायक आवास पर ताबड़तोड़ फायरिंग

Youth India Times
By -
0

सपा का झंडा लगी कार से आये थे लोग, दो बुलेट व आधा दर्जन से अधिक कारतूस के खोखे मिले
फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद जिले में भाजपा विधायक के घर के सामने दो कारों में सवार लोगों ने एक दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की, जिसमें एक भाजपा नेता की खड़ी कार का शीशा गोली लगने से टूट गया। जब तक पुलिस पहुंचती से कार सवार भाग गए।
मौके से दो बुलेट व आधा दर्जन से अधिक कारतूस के खोखे मिले हैं। फतेहगढ़ के जय नारायण वर्मा रोड निवासी भोजपुर से भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह राठौर के आवास के सामने बुधवार की रात करीब आठ बजे दो कार सवारों में विवाद हो गया। दोनों कारों में सवार लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से विधायक के घर आए भाजपा नेता विमल कटियार की कार का शीशा टूट गया। फायरिंग के बाद कार सवार भाग गए। एएसपी अजय प्रताप, सीओ नितेश सिंह को घटनास्थल पर लोगों ने बताया कि रखा की ओर से एक ब्रेजा कार आई और विधायक के घर के सामने ब्रेकर पर रुक गई।
पीछे से फॉरचूनर कार आई। दोनों कार सवारों में कहासुनी होने लगी और कुछ ही देर में फायरिंग शुरू हो गई। गोली लगने से फॉरचूनर का शीशा टूट गया। फायरिंग से भाजपा नेता की कार का पीछे का शीशा टूट गया।
इसके बाद फायरिंग करने वाले दोनों कारों में सवार होकर आंबेडकर तिराहे की की ओर चली गए। एएसपी अजय प्रताप ने बताया कि युवकों के दो गुटों में कार रेस को लेकर विवाद हुआ। उसी के बाद फायरिंग हुई है। एक कार में सपा का झंडा लगा होने की बात पर बताया कि यह जांच का विषय है।
जांच में जुटी पुलिस को पता चला है कि इस घटना के पीछे एक सपा नेता द्वारा व्यापारी को रुपये दिलाने को लेकर हुए विवाद की रंजिश है। एक वर्ष पहले फतेहगढ़ मिलेट्री चौराहे पर एक सपा नेता व दूसरे पक्ष में फायरिंग हो गई थी। इसमें सपा नेेता की कार में गोली लगी थी।
बाद में दोनों ओर से मुकदमे दर्ज कराए गए थे। पुलिस ने जानलेवा हमले की धारा हटाकर चार्जशीट लगा दी थी। उसके बाद से रंजिश बढ़ती चली गई। बुधवार शाम को एक कार में सपा नेता के बेटे व दूसरी में दूसरे पक्ष के लोगों के बैठे होने की बात सामने आई है। पुलिस दोनों पक्षों के लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस ने आवास विकास कालोनी व लोको रोड पर दबिश दी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)