शादी के दौरान दुल्‍हन के चचेरे भाई की गोली मारकर हत्‍या

Youth India Times
By -
0

प्रयागराज। शादी समारोह में बदमाशों ने दुल्हन के चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद समारोह में हड़कंप मच गया। पुलिस हर्ष फायरिंग के दौरान घटना होने की बात कह रही है। परिजन व ग्रामीण रंजिशन हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं।
बता दें कि रानीगंज थाना क्षेत्र के सराय शेर खां के लोहारतारा गांव निवासी निगम सिंह कोटेदार हैं। मंगलवार रात उनकी बेटी मीनाक्षी की शादी थी। शादी में शामिल होने के लिए निगम का भतीजा प्रेम सिंह (38) पुत्र शिव सिंह दिल्ली से आया था। मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे घर के सभी लोग शादी समारोह में व्यस्त थे। प्रेम भी घर के बाहर खड़ा था। इस बीच अचानक चली गोली प्रेम को लग गई।
गोली चलते ही समारोह में हड़कंप मच गया। खून से लथपथ प्रेम वहीं गिरकर तड़पने लगा। बताया जाता है कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। फिर भी परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल भागे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही शादी समारोह में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस हर्ष फायरिंग में मौत होने की बात बता रही है। रानीगंज थानाध्यक्ष पवन त्रिवेदी ने बताया कि शादी समारोह में गोली लगने से युवक की मौत हुई है। मामला हर्ष फायरिंग का लग रहा है। हालांकि घर वाले रंजिशन हत्या करने की बात कह रहे हैं। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि क्या सही है। वहीं, घटना के बाद बाराती भी मौके से भाग निकले।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)