आजमगढ़: चुनावी रंजिश में दरवाजे पर चढ़कर ईट-पत्थर से हमला

Youth India Times
By -
0

दो घायल, पुलिस ने तीन को लिया हिरासत में
आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के ग्राम भटगांव गांव में शनिवार की शाम घर पर चढ़कर मनबढ़ों ने जमकर ईंट-पत्थर चलाए। इसमें दो लोग घायल हो गए। संयोग से पुलिस मौके पर पहुंच गई इसलिए मामला बिगड़ने से बच गया।
गांव के हरेंद्र सिंह की कादीपुर चट्टी पर किताब-कॉपी की छोटी सी दुकान है, जहां शाम को वह कुछ जरूरी काम से गए थे। उसी समय शराब के नशे में पहुंचा एक व्यक्ति चुनावी रंजिश को लेकर अपशब्द कहने लगा। चट्टी पर मौजूद पुलिस ने सबको हटा दिया।इसी बीच झगड़े की सूचना पाकर हरेंद्र सिंह के घर के कुछ लोग भी चट्टी पर पहुंचे तो झगड़ा शांत हो गया। सभी को समझा-बुझाकर घर भेज दिया गया। अभी हरेंद्र आदि घर पहुंच ही रहे थे कि काफी संख्या में पुरुष और महिलाएं हाथ में लाठी-डंडा लिए दरवाजे पर पहुंच गए और ईंट-पत्थर चलाने लगे। इससे बचने के लिए जब तक लोग भागते तब तक ईंट से देवेंद्र सिंह (56) तथा अजित सिंह (30) जख्मी हो गए। घटना की गंभीरता को समझ पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई और समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर घटना की जांच कर रही है। गिरफ्तार किए गए लोगों में हरिकेश राजभर, बरखू राजभर एवं अर्जुन राजभर शामिल हैं। अनुज कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने 25 नामजद व सैकड़ों अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)