आजमगढ़ : विदेश भेजने के नाम पर किया ठगी, अब दे रहा धमकी

Youth India Times
By -
0

बिलरियागंज थाने में पुलिस ने लगाई न्याय की गुहार 

रिपोर्ट- सर्वेश कुमार 
बिलरियागंज,आजमगढ़। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए विदेश जाकर कमाने की चाह रखने वाले युवक को क्षेत्र के ही एक जालसाज व्यक्ति ने अपना शिकार बना लिया। पासपोर्ट के साथ ही 60 हजार रुपए वसूलने के बाद उक्त ठग ने पीड़ित को फर्जी वीजा थमा दिया। ठगी के शिकार हुए पीड़ित पक्ष ने स्थानीय थाने में घटना के बाबत नामजद तहरीर दी है।
बिलरियागंज क्षेत्र के हारीपुर ग्राम निवासी रामधनी पुत्र स्व. जंगली का आरोप है कि लगभग 6 वर्ष पूर्व पड़ोसी गांव तोहफापुर निवासी एक व्यक्ति ने उसके पुत्र मुकेश कुमार को विदेश भेजने के लिए वीजा उपलब्ध कराने के नाम पर 60000 रुपए वसूलने के साथ ही बेटे के नाम जारी पासपोर्ट ले लिया। मेडिकल परीक्षण के नाम पर उक्त जालसाज व्यक्ति ने बेटे को दो बार मुंबई बुलाया और फिर उसे दुबई का फर्जी वीजा थमा दिया। इस बात की सच्चाई उजागर होने पर पीड़ित पक्ष ने जब पासपोर्ट और पैसा वसूलने वाले व्यक्ति से वापस मांगा तो वह उन्हें टरकाता रहा। लंबा समय गुजर जाने के बाद मजबूर होकर पीड़ित पक्ष रविवार को तोहफापुर ग्राम निवासी उस व्यक्ति के घर पहुंचा। पीड़ित पक्ष जब रुपए और पासपोर्ट वापस करने के लिए दबाव बनाया तो विपक्षी ने पीड़ित पक्ष को जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। इस संबंध में पीड़ित पक्ष द्वारा स्थानीय थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार मामले की छानबीन की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)