आजमगढ़: दो ऑटो की जोरदार टक्कर में एक बुजुर्ग की मौत

Youth India Times
By -
0

आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र के मंदुरी तिराहे पर शनिवार को दिन में सड़क किनारे खड़े ऑटो में दूसरे ऑटो ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दूसरे ऑटो में आगे की सीट पर चालक के साथ बैठे दो यात्री घायल हो गए। जब तक दोनों के इलाज की व्यवस्था होती, तब तक गंभीर रूप से घायल वृद्ध ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरे व्यक्ति का पैर टूट गया था, जिसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है।
महराजगंज कस्बा निवासी भैरो प्रसाद गुप्ता (62) पुत्र स्व. त्रिवेणी प्रसाद गुप्ता शनिवार को अपने बेटी के घर कंधरापुर जाने के लिए घर से निकले। महराजगंज कस्बे से वो ऑटो पर सवार हुए। ऑटो कंधरापुर थाना क्षेत्र के मंदुरी बाजार में पहुंचा था कि तिराहे पर पहले से खड़े एक अन्य ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। भैरो प्रसाद ऑटो में अगली सीट पर चालक के साथ ही बैठे थे। जिसके चलते हादसे में वो और एक अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। भैरो प्रसाद को गंभीर चोट आई थी। जब तक दोनों घायलों को इलाज के लिए ले जाने की व्यवस्था होती तब तक भैरो प्रसाद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर कंधरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल स्थानीय अस्पताल भेज कर भर्ती कराया। उसका पैर टूट गया था। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर थाने चली गई। काफी प्रयास के बाद उनकी पहचान कर पाने में पुलिस सफल हो सकी। परिजनों के थाने पर पहुंचने पर शव का पंचनामा कर पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)