आज़मगढ़ : नगदी सहित साढ़े सात लाख के सामान की चोरी

Youth India Times
By -
0


आज़मगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के चरौवा गांव निवासी एक व्यक्ति के घर में शनिवार की रात छत के रास्ते भीतर घुसे चोर 50 हजार रुपये नगदी सहित साढ़े सात लाख रुपये मूल्य का सामान चुरा ले गए। रविवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही। उधर खोजबीन के दौरान पीड़ित के घर से थोड़े दूर पर चोरी गए बक्सा, अटैची, कागजात आदि अस्तव्यस्त पाया गया। घटना से गांव में दहशत है।
दीदारगंज थाने के चरौवा गांव निवासी रामप्रताप यादव पुत्र जयराम खाड़ी देश दुबई में रहकर नौकरी करता है। घर पर उसकी पत्नी रीता यादव बच्चों के साथ रहती है। शनिवार की रात रीता अपने बच्चों के साथ भोजन करने के बाद सोई हुई थी। रात को सुनसान माहौल पाकर चोर छत के रास्ते रीता के घर में घुस गए और अंदर रखा अटैची, बक्सा आदि उठा ले गए। जिसमें 50 हजार रुपये नगद और करीब सात लाख रुपये मूल्य के गहने, कपड़ा आदि कीमती सामान रखा हुआ था। रविवार की सुबह रीता जगी तो कमरे में बिखरे सामान देखकर वह दंग रह गई। साथ ही शोर मचाने लगी। उसकी चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग जुट गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मुआयना करके लौट गई। उधर गांव के लोग चोरी गए सामान खोजने लगे। घर से थोड़े दूर पर टूटे हाल में अटैची, बक्सा और घरेलू कागजात फेंका हुआ मिला। बता दें कि दीदारगंज थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। पुलिस ना तो चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण लगा पा रही, ना ही चोरी हुई किसी घटना का खुलासा ही कर सकी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)