आजमगढ़: दहेज की बलिवेदी पर चढ़ा दी गई कांति

Youth India Times
By -
0

दहेज हत्यारोपी ससुर गिरफ्तार 
-वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’
आजमगढ़। जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात ससुराल वालों ने 22 वर्षीय विवाहिता को दहेज की बलिवेदी पर चढ़ा दिया। मृतका के भाई द्वारा आरोप लगाए जाने पर पुलिस ने इस मामले में ससुराल पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
अहरौला थाना क्षेत्र के कठही ग्राम निवासी बलदेव निषाद की 22 वर्षीय पुत्री कांति की शादी लगभग 2 वर्ष पूर्व कप्तानगंज क्षेत्र के हसनपुर ग्राम निवासी राममिलन निषाद के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज कम मिलने की बात को लेकर अक्सर विवाहिता कांति को मारपीट कर प्रताड़ित करते थे। इस मामले में कई बार ससुराल व मायके पक्ष के लोगों के बीच पंचायत भी हुई लेकिन मामले का हल नहीं निकल सका। ससुराल में रह रही कांति की शुक्रवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की सूचना पाकर मृतका की ससुराल पहुंचे उसके भाई प्रदीप निषाद ने ससुराल पक्ष पर दहेज के चलते बहन को मार डालने का आरोप लगाया। इस मामले में ससुराल पक्ष के खिलाफ स्थानीय थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दहेज हत्यारोपी ससुर अनार निषाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के अन्य आरोपी फरार बताए गए हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)