शादी समारोह में खाना बनाने गई महिला से गैंगरेप

Youth India Times
By -
0

दुष्कर्म के बाद महिला को पुलिस चौकी के पास सड़क पर गंभीर हालत में फेंककर भाग गए आरोपी
आगरा। आगरा जिले के थाना बरहन के आंवलखेड़ा क्षेत्र स्थित एक मैरिज होम में विवाह समारोह में पूड़ी बेलने गई महिला के साथ हलवाई और उसके चार साथियों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। आरोपी दुष्कर्म के बाद महिला को सड़क पर गंभीर हालत में फेंककर भाग गए। पीड़िता ने ग्रामीणों की मदद से पुलिस को सूचना दी। पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में महिला के पति ने दो नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं सूचना पर एसएसपी भी फोर्स के साथ मौके पर मैरिज होम पहुंचे।
थाना एत्मादुद्दौला क्षेत्र की रहने वाली एक महिला शादी समारोह में हलवाई के साथ पूड़ी बेलने का काम करती है। रविवार रात को वह बरहन, आंवलखेड़ा क्षेत्र के एक मैरिज होम में अपनी साथी महिलाओं को साथ लेकर हलवाई के बुलाने पर काम करने गई थी। आरोप है कि देर रात हलवाई गांव शेरखा निवासी प्रेम सिंह और उसका साथी काका उसे किसी काम के बहाने मैरिज होम के रेस्ट रूम में ले गए। कमरे में तीन लोग पहले से मौजूद थे। पांचों ने उसे दबोच लिया। आरोप है कि प्रेम सिंह, काका और उनके तीन साथियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद वह बेहोश हो गई। बेहोशी की हालत में आरोपी महिला को आंवलखेड़ा चौराहा पर सड़क पर फेंककर भाग गए। तड़के होश में आने पर महिला पुलिस चौकी पर पहुंची, लेकिन वहां कोई पुलिसकर्मी नहीं मिला। कुछ देर बाद वहां ग्रामीण आ गए। इसी के बाद कंट्रोल रूम में घटना की सूचना दी गई।
सूचना पर थाना बरहन प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। गंभीर अवस्था में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है। होश में आने पर महिला ने पुलिस को अपनी आपबीती बताई। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को आगरा रेफर कर दिया। महिला को राजकीय महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। सामूहिक दुष्कर्म की जानकारी पर एसएसपी मुनिराज जी और एसपी पश्चिम सत्यजीत गुप्ता पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। एसपी पश्चिम सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि महिला ने हलवाई समेत पांच लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है।
चुनाव और कोरोना में ड्यूटी से खाली थी चौकी
बरहन थाने का फोर्स फिरोजाबाद में पंचायत चुनाव में ड्यूटी पर है। इसके चलते चौकी पर फोर्स नहीं था। आरोपी पीड़िता को चौकी आंवलखेड़ा के पास फेंककर भागे थे। एक सिपाही ही चौकी पर मौजूद था, लेकिन वो भी कोरोना संक्रमित है। इसके चलते चौकी पर पुलिसकर्मी नहीं थे। पीड़िता के चौकी आने पर उसे कोई नहीं मिला। करीब दो घंटे तक गंभीर हालत में वह वहीं पड़ी रही। तड़के ग्रामीण निकले तब पीड़िता ने उन्हें देखकर मदद मांगी। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम फोन किया गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)