मुख्तार का कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता

Youth India Times
By -
0


सांसद अफजाल अंसारी बोले, मुख्तार डंके की चोट पर यूपी आएगा

गाजीपुर। एक तरफ जहाँ मुख्तार अंसारी की जान को खतरा बताते हुए उनकी पत्नी ने राष्ट्रपति से लेकर तमाम लोगों को पत्र लिखा है। दूसरी तरफ बाहुबली विधायक के सांसद भाई अफजाल अंसारी का कहना है कि मुख्तार डंके की चोट पर यूपी आएगा और उसका कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता। इससे पहले बुधवार की सुबह ही मोहाली की कोर्ट में व्हीलचेयर पर मुख्तार अंसारी की पेशी हुई। उम्मीद जताई जा रही थी कि कोर्ट से ही मुख्तार अंसारी को यूपी पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा। सूत्रों ने यूपी पुलिस की वहां मौजूदगी की बात भी कही लेकिन मुख्तार को पेशी के बाद दोबारा रोपड़ जेल भेज दिया गया।
सांसद अफजाल अंसारी ने मुख्तार की पत्नी अफशां के पत्र को लेकर कहा कि उनकी चिंताएं जायज हैं। पांच बार मुख्तार अंसारी पर हमले हुए हैं। उन्हें मारने की कोशिश करने वालों के खिलाफ मुकदमे चल रहे हैं। इसमें खुद मुख्तार अंसारी गवाह हैं। उन्होंने कहा कि बृजेश सिंह, त्रिभुवन सिंह, सुशील सिंह के खिलाफ अगर मुख्तार ने गवाही दे दी तो उनका भविष्य चौपट हो जाएगा। कई अधिकारी भी षडयंत्र रच रहे हैं। ऐसे अधिकारियों पर से मुकदमे वापस लिये जा रहे हैं।
अफजाल अंसारी ने कहा कि मुख्तार को लाइये। मुकदमा चलाइये, इससे किसको इनकार है। कोरोना के कारण तमाम कोर्ट में विचाराधीन बंदी को फिजिकली पेशी से रोक है। सभी की वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेशी हो रही है। क्या मुख्तार अंसारी की पेशी नहीं हो सकती है। अफजाल अंसारी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने मुख्तार को यूपी भेजने का आदेश दिया है। उसे किस तरह से यूपी लाया जाएगा, इस पर तो कुछ नहीं कहा है। मजाक है क्या कि गाड़ी पलट जाएगी। न्यायालय के आदेश पर उनको यूपी भेजा जाएगा। उसका बाल भी बांक नहीं किया जा सकता।
अफजाल ने कहा कि जब ऊपर से दिन पूरा हो जाएगा तो कोई बचा नहीं पाएगा। लेकिन जब तक ऊपर से दिन पूरा नहीं होगा, कोई मार नहीं सकेगा। मुख्तार डंके की चोट पर यूपी आएगा। उसके खिलाफ जो भी मुकदमे हैं सभी का ट्रायल होगा और बेदाग बरी होगा। उसके बरी होने पर जनता ही राह में फूल बिछाएगी।
विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी ने बुधवार को राष्ट्रपति को पत्र लिखकर अपने पति को पंजाब से उत्तर प्रदेश लाने के दौरान उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने का आदेश देने की गुहार लगाई है। अफशां अंसारी ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को लिखे पत्र में कहा है कि उनके पति मुख्तार अंसारी इस समय पंजाब की रोपड़ जेल में बंद हैं और उच्चतम न्यायालय ने गत 26 मार्च को अपने आदेश में उन्हें रोपड़ जेल से दो सप्ताह के अंदर बांदा जेल भेजने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि उनके पति एक मामले में चश्मदीद गवाह है जिसमें भाजपा के विधान परिषद सदस्य माफिया बृजेश सिंह और त्रिभुवन सिंह अभियुक्त हैं। अफशां के अनुसार, ''यह दोनों अभियुक्त सरकारी तंत्र की कथित मिलीभगत से अंसारी को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, लिहाजा इस बात का खतरा महसूस हो रहा है कि पंजाब की जेल से बांदा लाए जाते वक्त रास्ते में फर्जी मुठभेड़ की आड़ में अंसारी की हत्या की जा सकती है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)