कोरोना : दुनियाभर के रिकॉर्ड ध्वस्त, भारत मे एक दिन में 3.15 लाख नए केस

Youth India Times
By -
0

नई दिल्ली। भारत में कोरोना का कहर किस कदर विकराल रूप ले चुका है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देश में महामारी की दूसरी लहर ने संक्रमण के लिहाज से पूरी दुनिया का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, बुधवार रात 12 बजे तक 24 घंटों में भारत में कोरोना के 3,15,478 नए संक्रमित मिले। महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक एक दिन में संक्रमितों की यह संख्या पूरी दुनिया में सर्वोच्च है। इसके पहले विश्व में एक दिन में सर्वाधिक नए संक्रमित मिलने का रिकॉर्ड अमेरिका के पास था।
अमेरिका में 8 जनवरी, 2021 को 3,07,570 नए संक्रमित मिले थे। लेकिन अब इस मामले में भारत सबसे आगे निकल गया है। लगातार छह दिनों से प्रतिदिन होने वाली कोरोना मरीजों की मौत की संख्या रिकॉर्ड तोड़ रही है। 24 घंटों के दौरान कुल 2101 कोरोना मरीजों ने दम तोड़ दिया। इसी के साथ देश में महामारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 1,84,672 हो गई। अब तक कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,59,24,732 हो गई है। देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 22,84,209 पर पहुंच गई। यह कुल संक्रमितों की संख्या का 14.3 फीसदी है।
ठीक होने की दर 85 फीसदी से नीचे :
कोरोना संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने की दर गिरकर 84.5 प्रतिशत रह गई है। आंकड़ों के मुताबिक इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,34,47,040 हो गई है। कोरोना से राष्ट्रीय स्तर पर मृत्यु दर गिरकर 1.20 प्रतिशत हो गई है, लेकिन महाराष्ट्र में यह दर 1.5 फीसदी और पश्चिम बंगाल में 1.6 फीसदी है।
आठ राज्यों में 75 फीसदी मौतें:
देश में 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक 568 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। इसके बाद दिल्ली में 249, छत्तीसगढ़ में 193, यूपी में 187, गुजरात 125, कर्नाटक में 116, पंजाब में 69 और मध्य प्रदेश में 75 लोगों की मौत हुई। इन आठ राज्यों में कुल 1556 मौतें हुईं जो कुल 2101 मौतों का 75.2 फीसदी है।
59 फीसदी नए संक्रमित केवल छह राज्यों में:
महाराष्ट्र में सर्वाधिक 67,468 नए संक्रमित मिले। इसके बाद उत्तर प्रदेश में 33106, दिल्ली में 24638, कर्नाटक में 23558, केरल में 22414 और छत्तीसगढ़ में 14519 नए कोरोना मरीज मिले।

Tags:

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)