भारत नेपाल बार्डर से 92 लाख की अफीम बरामद, महिला गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0



बहराइच। बहराइच जिले में सशस्त्र सीमा बल व रूपईडीहा थाने की संयुक्त टीम ने भारत नेपाल की सरहद पर भारी मात्रा में अफीम बरामद की है। नेपाल से दिल्ली जा रही नेपाली महिला तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्तरराष्ट्रीय बाजार में बरामद अफीम की अनुमानित कीमत 92.40 लाख आंकी गई है। एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि रूपईडीहा एसएचओ अशोक कुमार सिंह को सोमवार की देर रात भनक लगी कि नेपाल से बड़े पैमाने पर अफीम की खेप आने वाली है। जिस पर उन्होंने इसकी जानकारी अफसरों को दी। एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार व सीओ नानपारा जंग बहादुर यादव के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक हरीश सिंह, सिपाही प्रतीक वर्मा को गिरफ्तारी केलिए भेजा गया। उन्होंने सशस्त्र सीमा बल 42 वी बटालियन की रूपईडीहा बार्डर आउट पोस्ट के निरीक्षक रमेश कुमार, एएसआई सिंकदर सिंह, सिपाही परशुराम, महिला सिपाही मेघाश्रीन, संतोष को साथ लेकर नाकेबंदी की। मंगलवार भोर में एक नेपाली महिला भारतीय इलाके में बैग के साथ दाखिल हुई। उसे रोककर महिला सिपाहियों ने बैग व उसकी तलाशी ली। उसके पास से 3.800 किग्रा अफीम बरामद हुई। नेपाली महिला की पहचान नेपाल के दांग जिले के तुलसीपुर वार्ड नम्बर 5 निवासनी कमला के रूप में हुई।। गिरफ्तार महिला के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है। एसपी ने बताया कि बरामद अफीम की अन्तरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 92.40 आंकी गई है। आरोपी महिला तस्कर को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)