नौकरी और शादी का झांसा देकर युवतियों को जाल में फंसाते थे तस्कर
करीब एक लाख रुपये में बेची गई युवती को वेश्यालय से कराया गया मुक्त; अब तक सात आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़। जिले की अहरौला पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय मानव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और करीब 19 वर्षीय पीड़िता को सकुशल बरामद किया। इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कार्रवाई करने वाली संयुक्त टीम के प्रत्येक सदस्य को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, मामला 18 मार्च 2026 का है। अहरौला थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपनी करीब 18 वर्षीय बेटी के बिना बताए घर से चले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मामला मानव तस्करी और अनैतिक व्यापार से जुड़ा होने के तथ्य सामने आए। इसके बाद मुकदमे में बीएनएस की अन्य धाराओं और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धारा पांच की बढ़ोतरी की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अहरौला पुलिस और एएचटीयू की टीम लगातार मामले की छानबीन कर रही थी। इसी क्रम में 18 नवंबर को पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले के गोवालपोखर थाना क्षेत्र स्थित पारा पंजीपाड़ा में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी सुरेश राम, पूर्वी चंपारण निवासी महेश कुमार और पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर निवासी मुहम्मद अली शामिल हैं।
पुलिस जांच में मानव तस्करी के गिरोह का चौंकाने वाला तरीका सामने आया है। गिरोह के सदस्य रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और मंदिरों के आसपास ऐसी युवतियों की तलाश करते थे, जो घर से नाराज होकर निकली हों या किसी परेशानी में हों। उन्हें नौकरी और कंपनी में काम दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया जाता था। इसके बाद अलग-अलग एजेंटों के माध्यम से उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचाकर पैसों के बदले बेच दिया जाता था। पीड़िता के बयान के अनुसार, पश्चिम बंगाल निवासी शिवा मंडल ने करीब दो महीने तक फोन पर बातचीत कर उसे प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर गोरखपुर रेलवे स्टेशन बुलाया। वहां पहुंचने के बाद उसकी मुलाकात सितारा खातून, उसके पति अभिषेक राज और गफ्फार मियां से हुई। इन लोगों ने काम दिलाने का भरोसा देकर उसे बिहार के पूर्णिया पहुंचा दिया। पूर्णिया में पीड़िता की मुलाकात महेश कुमार और सुरेश राम से हुई। दोनों उसे सरिता नाम की महिला एजेंट के पास ले गए। आरोप है कि सरिता ने पीड़िता को पश्चिम बंगाल निवासी मुहम्मद अली के हाथों करीब एक लाख रुपये में बेच दिया। मुहम्मद अली ने सरिता को एक लाख रुपये दिए, जबकि पीड़िता को वहां तक पहुंचाने वाले दलालों को आठ-आठ हजार रुपये कमीशन दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि सरिता के घर पर उसके साथ कई लोगों ने दुष्कर्म किया। इसके बाद मुहम्मद अली उसे अपने वेश्यालय में ले गया, जहां बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार कराया जाने लगा। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
इस मामले में पुलिस पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनमें पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी शिवा मंडल, बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी अभिषेक राज, उसकी पत्नी सितारा खातून और गफ्फार मियां शामिल हैं। अब तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ कुल गिरफ्तारियों की संख्या सात हो गई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनीष मणि त्रिपाठी, एएचटीयू प्रभारी निरीक्षक अमित शर्मा, आरक्षी सुधीर प्रजापति, महिला आरक्षी रीमा कुमारी और सर्विलांस सेल के आरक्षी बसंत यादव शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने टीम के प्रत्येक सदस्य को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा मानव तस्करी जैसे संगठित अपराधों में शामिल गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

