सार्वजनिक भूमि को लेकर हुआ विवाद, पुलिस ने बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित नहीं करने की दी हिदायत
रिपोर्ट : पद्माकर मिश्रा
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के खरहटी गांव स्थित बन्हवा पर रविवार की शाम संत रविदास जी की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना मिलने पर गंभीरपुर थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
मिली जानकारी के अनुसार, खरहटी गांव में उर्मिला पत्नी सुरजन के घर के समीप घूरगट्ठा की सार्वजनिक भूमि है, जिसे सामाजिक कार्यों के लिए निर्धारित बताया जा रहा है। रविवार की शाम करीब छह बजे गांव के हरिहर के पुत्र और कुछ अन्य लोग उक्त भूमि पर संत रविदास जी की प्रतिमा स्थापित करने के लिए पहुंचे। इस पर उर्मिला ने आपत्ति जताते हुए विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
उर्मिला का आरोप है कि संबंधित भूमि पर पहले भी कई बार प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया जा चुका है। उनके विरोध के बावजूद बार-बार ऐसा करने की कोशिश की जा रही है। रविवार को भी प्रतिमा रखे जाने का प्रयास हुआ, जिसका उन्होंने विरोध किया।
विवाद की सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली। साथ ही प्रतिमा स्थापित करने वाले पक्ष को स्पष्ट हिदायत दी कि बिना प्रशासनिक अनुमति के किसी भी प्रकार की प्रतिमा स्थापित नहीं की जाएगी। पुलिस की समझाइश के बाद दोनों पक्ष शांत हो गए।
इस संबंध में सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर ने बताया कि संत रविदास जी की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है।

