आजमगढ़ : बोलेरो में टक्कर के बाद मुआवजा मांगने पर बुजुर्ग को डीसीएम से कुचला, मौत

Youth India Times
By -
0

चालक ने विवाद के दौरान बुजुर्ग पर चढ़ाया वाहन, भाग रहे आरोपी को परिजनों और ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

आजमगढ़। जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद बोलेरो में हुए नुकसान की भरपाई मांगना एक बुजुर्ग को जान देकर चुकाना पड़ा। आरोप है कि मुआवजे को लेकर हुए विवाद में डीसीएम चालक ने बुजुर्ग पर वाहन चढ़ा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक डीसीएम लेकर फरार होने लगा, लेकिन परिजनों और स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे राजगंज बाजार में पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जौनपुर जिले के पिलकिछा गांव निवासी साहबराज यादव (55) सोमवार को अपने बड़े बेटे उदयराज, बहू साक्षी और तीन पोतियों के साथ दीदारगंज थाना क्षेत्र के धनवाल गांव स्थित रिश्तेदारी से घर लौट रहे थे। देर शाम उनकी बोलेरो लसड़ा कला प्राथमिक विद्यालय के पास नरवे पुल के निकट पहुंची थी। इसी दौरान एक डीसीएम ने बोलेरो में टक्कर मार दी।
इसके बाद बोलेरो सवार लोगों ने लसड़ा कला गांव में श्रीधर राजभर के घर के सामने डीसीएम को रुकवा लिया। आरोप है कि बोलेरो में हुए नुकसान की भरपाई मांगने पर डीसीएम चालक सूरज गुप्ता निवासी बरदह से विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान चालक ने कथित तौर पर साहबराज यादव के ऊपर डीसीएम चढ़ा दी। गंभीर रूप से कुचल जाने के कारण बुजुर्ग की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद चालक डीसीएम लेकर भागने लगा, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने पीछा कर उसे राजगंज बाजार में पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेने के साथ डीसीएम को भी कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के चार पुत्र हैं। उनकी पत्नी प्रभावती सहित परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पुत्र उदयराज की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपी चालक को हिरासत में लेकर डीसीएम कब्जे में ले ली गई है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)